ग्राम टीकरी में चल रही है श्रीराम कथा
भिण्ड, 08 मई। गोरमी क्षेत्र के ग्राम टीकरी के झाल सरकार पर कराना परिवार द्वारा आयोजित रामकथा के तीसरे दिन आचार्य विष्णु चेतन्य ने कहा कि जिस प्रकार भागवत कथा हमें मोक्ष का रास्ता दिखाती है, उसी प्रकार रामकथा हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। इसलिए जहां भी रामकथा हो रही हो हमें परिवार सहित सुनने अवश्य जाना चाहिए। जहां पर प्रभु राम जैसा आदर्श पुत्र है, संसार में भाई-भाई का प्रेम और त्याग देखना हो तो भरत से उत्तम कोई उदाहरण नहीं हो सकता, रामकथा का हर पात्र अपना एक अलग संदेश समाज पर छोड़ता है। इसलिए जीवन में रामकथा का बड़ा महत्व है।
आचार्य विष्णु चेतन्य ने कहा कि राम से भी बड़ा राम का नाम है, भगवान का नाम लेने से ही कष्टों का हरण हो जाता है। बड़ी खुशी की बात है कि संत हरिगिरि जी महाराज के आव्हान पर आज पूरे क्षेत्र में घर-घर रामधुन का आयोजन हो रहा है। रामकथा के समापन पर भव्य राम आरती हुई, इसके बाद विशाल संत भंडारा हुआ। आरती में रामकथा के यजमान गुलाब सिंह गुर्जर, पूर्व पार्षद भूपेन्द्र सिंह कराना, समाजसेवी अशोक भारद्वाज, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भुजबल सिंह, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक, गजेन्द्र सिंह भदौरिया, समाजसेवी श्रीकृष्ण कटारे, कौशल तिवारी, बबलू पटेल, देव चौधरी सहित आस-पास के क्षेत्र के हजारों भक्तजन मौजूद थे।