भारतीय मजदूर संघ भिण्ड की मासिक बैठक आयोजित

भिण्ड, 22 अप्रैल। मजदूर संघ की मासिक बैठक शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय जनक पैलेस किरार कॉलोनी भिण्ड में आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय अधिवेशन का निर्णय एवं प्रदेश बैठक के निर्देशानुसार 26 अप्रैल को राष्ट्रव्यापी ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम से कलेक्टर भिण्ड को देने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मप्र राज्य कर्मचारी संघ भिण्ड के कोषाध्यक्ष डॉ. अवधेश शर्मा तथा संचालन भारतीय मजदूर संघ भिण्ड के जिलामंत्री सुरेश चन्द्र बादल ने की।
भारतीय मजदूर संघ का 20वां त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन सात से नौ अप्रैल तक बिहार की राजधानी पटना में संपन्न हुआ, जिस अधिवेशन में चार प्रस्ताव पारित किए गए हैं- सामाजिक सुरक्षा सभी को मुहैया हो। ठेका प्रथा के अंधानुकरण पर रोक लगाएं तथा ठेका (निवारण एवं नियमितीकरण) अधिनियम 1970 में न्यायोचित संशोधन करें। आर्थिक विकास के लिए राष्ट्रीय श्रम नीति बने। न्यूनतम मजदूरी के स्थान पर जीवका मजदूरी तय हो। उपरोक्त प्रस्ताव संगठित, असंगठित एवं ठेका कर्मचारीगणों की निरंतर मांग पर आधारित है, जोकि कर्मचारियों का अधिकार भी है, इसलिए यह प्रस्ताव सर्व सम्मति से पारित कर उचित कार्रवाई हेतु प्रधानमंत्री को प्रेषित किए जाएंगें।
बैठक में ग्रामीण मजदूर संघ भिण्ड के संयोजक शैलेन्द्र प्रताप सिंह कुशवाह, मप्र राज्य कर्मचारी संघ भिण्ड के सचिव सत्यनारायण सोनी, अभिषेक परमार, अनिरुद्ध सिंह सेंगर, मनोज सिंह, रामकरन सिंह कुशवाह, जिला सचिव सेवानिवृत अधिकारी/ कर्मचारी पेंशनर महासंघ भिण्ड वीरेन्द्र कुमार शर्मा, वरुण बोहरे, अंकित कटारे, यतीन्द्र दुवे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।