दोनों अधिकारियों को हटाया गया, सीएमओ को अटैच के बाद किया निलंबित
भिण्ड, 20 अप्रैल। बिना सूचना के नगर पालिका द्वारा एक गरीब परिवार मोहनलाल झा का मकान तोड़ा गया है, नगर पालिका द्वारा किया गया यह कार्य निंदनीय कार्य है, इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जाती है। नगर पालिका द्वारा जिस समय मकान तोड़ा जा रहा था उसकी जानकारी लगते ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा गुड्डू तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार का पक्ष लिया। जैसे ही जानकारी पूर्व विधायक रसाल सिंह को लगी तो वह भी तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और सभी समर्थकों के साथ पुलिस थाने में धरने पर बैठ गए। वहां पर एकत्रित भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लोगों का जमावड़ा पुलिस थाने में धरना करने के लिए एकत्रित हो गया और व्यापारी वर्ग एवं कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। मैंने सभी को समझाते हुए मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारियों तक बात पहुंचाई। इस संबंध में अम्बरीश शर्मा ने भी भोपाल में अधिकारियों से चर्चा की और दोषी अधिकारियों को तत्काल हटाया गया। उसी समय भाजपा के पूर्व विधायक मथुरा प्रसाद महांत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नंदराम बघेल, रामकुमार महाते, योगेन्द्र सिंह पप्पू, मिहोना से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष संतोष बोहरे के अलावा अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हो गए और धरने पर बैठ गए।
वरिष्ठ नेतृत्व तक इस मामले को अवगत कराया तो इस पर गौर करते हुए प्रशासन द्वारा लहार नगर पालिका सीएमओ एवं एसडीएम को तत्काल प्रभाव से हटाया दिया गया तथा सीएमओ को ग्वालियर अटैच के बाद कार में लापरवाही बरतने के आरोप में गुरुवार को निलंबित कर दिया गया है। लोगों का इस मामले में एकत्रित होना इस बात का स्पष्ट संकेत देता है कि भाजपा में किसी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है। आज संगठन ने अपनी ताकत का एहसास करा दिया है। उधर अम्बरीश शर्मा ने कहा कि मैं हमेशा जनता के साथ हूं, जनता पर अन्याय होता है तो मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा और हमेशा जनता के साथ रहूंगा। भाजपा नेताओं ने लहार पुलिस थाने में रात्रि 12 बजे तक धरना प्रदर्शन जारी रखा, इस प्रदर्शन से लहार में स्पष्ट हो गया है कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है। चंबल संभाग कमिश्नर ने लहार में अतिक्रमण वाली घटना का निरीक्षण किया और जांच प्रारंभ की।
इसी क्रम में लहार के सभी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लहार सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें सभी नेताओं ने एक राय होकर कहा कि हम सभी लोग एक हैं, पार्टी में कोई मतभेद नहीं है, अगर कोई लहार क्षेत्र की जनता, हरिजन, दलित, पिछड़ा वर्ग, आदिवासी भाइयों के साथ अन्याय करता है या निर्दोष सताता है तो हम सभी लोग मिलकर उसके साथ हैं और संघर्ष करके उस को न्याय दिलाने में मदद करेंगे। भाजपा में अब कोई मतभेद नहीं है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा, पूर्व विधायक मथुरा प्रसाद महंत, योगेन्द्र सिंह पप्पू, रामकुमार महाते, जबर सिंह कुशवाहा के अलावा अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।