भाजपा मण्डल मौ ने सभी 66 बूथों पर मनाया पार्टी का स्थापना दिवस

भिण्ड, 06 अप्रैल। भाजपा मण्डल मौ द्वारा भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाह तथा संचालन युवामोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामख्तयार सिंह गुर्जर ने किया। आभार प्रकट सुल्तान मौर्य ने किया।
मुख्य अतिथि लालसिंह आर्य ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अंत्योदय के तहत अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबंध रहती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन-जन के लिए जो योजनाएं चलाई हैं वह योजनाएं हम सभी लोगों के लिए कारगर साबित हुई है। आर्य ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ काम करती है। लालसिंह आर्य ने जनसंघ से लेकर आज तक पार्टी में कार्य कर रहे प्रकाश चंद जैन सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को श्रीफल शॉल देकर सम्मानित किया।