लहार में श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा कल से, तैयारियां पूर्ण

प्रख्यात कथा वाचक श्री चिन्मयानंद बापू कराएंगे कथा का रसपान

भिण्ड, 05 अप्रैल। लहार नगर के बरहा रोड पर स्थित उपाध्याय गार्डन में विशाल श्रीमद् भागवत ज्ञान की कथा का आयोजन सात अप्रैल से होने जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यह श्रीमद् भागवत कथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा गुड्डू भैया के द्वारा कराई जा रही है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग आने की संभावना है। यह कथा प्रख्यात कथा वाचक श्री चिन्मयानंद बापू के द्वारा सुनाई जाएगी। सात अप्रैल को यह श्रीमद् भागवत कथा कलश यात्रा के साथ प्रारंभ होगी। कलश यात्रा मां मंगला देवी मन्दिर से होते हुए नगर के भाटनताल मैदान से कथा स्थल तक पहुंचेगी। इस कलश यात्रा में नगर एवं आस-पास के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भाग लेंगे। भागवत कथा में पारीछत नरेश शर्मा सीकरी जागीर होंगे।

कथा आयोजक अम्बरीश शर्मा में इस संबंध में नगर में घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल भेंट किए और कहा कि आप सभी लोग सपरिवार इस अमृतमयी कथा का रसपान कर लाभ उठाएं। कथा स्थल पर लोगों को बैठने के लिए एक विशाल पण्डाल बनाया गया है। जिसमें जगह-जगह ठण्डी हवा के लिए कूलर, पंखे आदि व्यवस्थित रूप से लगाए गए हैं तथा लोगों को भोजन एवं पानी की उचित व्यवस्था की गई है। श्रीमद् भागवत कथा की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं, आप लोग इस कथा में अवश्य पधारें।