हम फाउण्डेशन ने वृद्धाश्रम में मनाया रंग पंचमी का पर्व
भिण्ड, 12 मार्च। हम फाउण्डेशन भिण्ड सिटी शाखा ने रंगपंचमी का त्यौहार शहर में स्थित निराश्रित भवन पहुंचकर वृद्धजनों के बीच मनाया। इस अवसर पर फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, शाखा संरक्षक एमपी चौधरी, जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, सचिव योगेश शर्मा, शिवम श्रीवास्तव, नौशीन, अरविंद यादव, कृष्णा भदौरिया, नीलेश चौहान आदि वृद्धजनों को गुलाल लगाकर उनसे आशीर्वाद भी लिया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त लॉ अधिकारी एमपी चौधरी ने बताया कि रंग पंचमी का पावन पर्व एक अलग ही मान्यता के साथ मनाया जाता है, यह रंग पंचमी का त्योहार होली के पांच दिन बाद मनाया जाता है, इस रंग पंचमी त्यौहार को देवताओं के आशीर्वाद के रूप में अधिक मनाया जाता है।
प्रो. इकबाल अली ने बताया कि रंग पंचमी पर्व से जुड़ी ऐसी आध्यात्मिक मानता है कि इस दिन वातावरण में उड़ते हुए गुलाल व्यक्ति के स्वास्थ्य गुणों में अभिवृद्धि करते हैं। उन्होंने बताया कि रंग पंचमी का पर्व भाईचारे का पर्व है इसे हम सबको मनाना चाहिए। कार्यक्रम में शैलेश सक्सेना और योगेश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में निराश्रित भवन में बालक कृष्णा भदौरिया का जन्मदिन मनाया और उपस्थित वृद्धजनों को स्वल्पाहार भी कराया।