गणतंत्र दिवस पर गोहद में होगा विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन

भिण्ड, 24 जनवरी। गोहद नगर में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर द शार्पेज स्कूल गोहद द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्र प्रेम की भावना से ओत-प्रोत विशाल एक हजार फीट लम्बी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ द शार्पेज स्कूल से होकर गोहद शहर के मुख्य बाजारों से होकर किया जाएगा। इसमें एक हजार फीट लम्बे तिरंगे को बच्चे अपने हाथों में लिए होंगे। लगभग 500 विद्यार्थियों, द शार्पेज स्कूल परिवार के लोग तथा शा. कन्या विद्यालय की छात्राएं इसमें सम्मिलित होंगे। इस तिरंगा यात्रा को भव्यता प्रदान करने के लिए इसमें स्कूल बैण्ड के साथ घोड़ों पर तिरंगा लिए बच्चे, तिरंगा बग्गी, बाइक्स, तिरंगा से सजे वाहन तथा देशप्रेम के गीतों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा जाएगा। यह जानकारी विद्यालय की कॉर्डीनेटर श्रीमती शैली गुप्ता, प्राचार्या सुश्री सोनाली गर्ग एवं हेडमिस्ट्रेस श्रीमती साधना चक्रवर्ती ने दी है।