राष्ट्रीय युवा संसद उत्सव 2023 के लिए आवेदन आमंत्रित

भिण्ड, 20 जनवरी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, नेहरू युवा केन्द्र संगठन जिला भिण्ड के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2023 का जिला स्तरीय आयोजन वर्चुअल माध्यम से 25 से 29 जनवरी के मध्य में किया जाएगा। भिण्ड जिले के स्थानीय युवा निवासी जिनकी उम्र 24 जनवरी 2023 को 18 से 25 साल के मध्य में हो, इस उत्सव में भाग ले सकेंगे। उत्सव में जिला स्तरीय चयन भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से किया जाएगा। भाषण का विषय- ‘बेहतर कल के लिए विचार : विश्व के लिए भारत’ रहेगा। प्रतियोगिता वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा, अर्थात प्रतियोगी घर से ही प्रतियोगिता में भाग ले सकते है। जिला स्तर पर दो प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय के लिए किया जाएगा। पंजीयन फार्म के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र और स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटोज को भी संलग्न किया जाना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन फार्म 24 जनवरी दोपहर 12 बजे तक कार्यालय नेहरू युवा केन्द्र कुम्हरौआ रोड भिण्ड से प्राप्त कर सकते हैं।