बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर लिया रक्षा का वचन

जिले भर में हर्ष और सौहार्द से मनाया गया रक्षा बंधन का पावन त्योहार
सुबह से ही छाई रही बाजारों में रौनक

भिण्ड, 21 अगस्त। भाई बहिन के पावन पर्व रक्षाबंधन के मौके पर रविवार को बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और रक्षा का वचन लिया। इस मौके पर बसों और बाजारों में भीड़ रही, भाइयों के लिए राखी और मिठाई खरीदने एवं भाइयों द्वारा बहिनों को उपहार खरीदने के लिए सुबह से ही बाजार में भीड़भाड़ हो गई।


इस बार 2021 का रक्षाबंधन चार विशिष्ट योगों से परिपूर्ण रहा। यह महायोग पूरे 50 साल बाद बना है। 50 साल बाद रक्षा बंधन के पर्व पर सर्वार्थ सिद्धि, कल्याणक, महामंगल और प्रीति योग एक साथ बने। इसके पहले यह संयोग 1981 में एक साथ बने थे। इन चारों महा योगों से इस साल के रक्षाबंधन का महात्म्य बहुत अधिक बढ़ गया है. इस अद्भुत योग के मध्य भाई और बहन के लिए रक्षा बंधन की रस्म अति विशेष कल्याणकारी बताया गया है। इस बार रविवार को दोपहर एक बजकर 42 मिनट से शाम 4 बजकर 18 मिनट तक, राखी बांधने का सबसे शुभ समय बताया गया था। बावजूद इसके शाम तक राखी बांधने का सिलसिला चलता रहा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार माता लक्ष्मी ने राजा बलि को भाई मानते हुए उनकी कलाई पर पहली बार राखी बांधी थी, तभी से रक्षा बंधन त्योहार मनाने की परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष रक्षाबंधन का त्योहार सर्वार्थ सिद्धि और दीर्घायु आयुष्मान के शुभ संयोग में मनाया गया। हिन्दू कैलेंडर के अनुसार रक्षाबंधन का त्यौहार हर वर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र यानी राखी बांधी और उनकी लंबी आयु की कामना की।


रक्षाबंधन के मौके पर रविवार को सुबह ही बहने त्यौहार के लिए तैयार हो गई थीं, बहनों ने भाई की कलाई पर शुभ मुहुर्तों में रक्षा सूत्र बांधा इस मौके पर बहनों ने भाइयों से रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने भी इस मौके पर बहनों को रक्षा का वचन दिया और उन्हें उपहार दिए। रक्षाबंधन के दिन बसों में भी भारी भीड़ रही। रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही बाजार में खासी रौनक नजर आई, कई बहनें सुबह से शाम तक भाईयों के घर पहुंचती रहीं। इस दौरान उन्होंने मिठाई और राखी खरीदीं। जबकि कई लोग अपनी बहनों के घर भी रवाना हुए, उन्होंने भी बहिनों के लिए उपहार खरीदे।

सोशल मीडिया पर भी दिनभर चली शुभकामनाएं

रक्षाबंधन के मौके पर सोशल मीडिया भी पीछे नहीं रहा, भाई बहिनों के इस पावन पर्व पर दिनभर शुभकामनाएं देने का दौर चला, जहां भाई बहिनों ने रक्षाबंधन की शुभकामनाओं वाले पोष्ट फेसबुक ट्विटर आदि माध्यमों से किए, वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कवियों ने खूब लिखा है

भाई-बहने के पावन प्रेम के त्योहार रक्षा बंधन के बारे में कवियों ने भी खूब लिखा है-आया राखी का त्यौहार, छाई खुशियों की बहार, एक रेशम की डोरी से बांधा, एक बहन ने अपने भाई की कलाई पर प्यार। साथ पले और साथ बड़े हुए, खूब मिला बचपन में प्यार, भाई-बहन का प्यार बढ़ाने, आया राखी का त्यौहार।