भिण्ड जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कब्जा करने कांग्रेस हुई लामबंद

जिला कांग्रेस द्वारा चुनाव की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

भिण्ड, 31 दिसम्बर। आगामी साल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों को लेकर कांग्रेस द्वारा समीक्षा बैठक का आयोजन जिला कांग्रेस कार्यालय पर किया गया। जिसमें नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, पूर्वमंत्री राकेश चौधरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा के अलावा जिले पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. गोविन्द सिंह ने संगठन को मजबूत बनाए जाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आगामी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिले की पांचों विधानसभा सीट पर काबिज होगी। सभी जगह कांग्रेस का परचम लहराएगा। अब जरूरत है और अधिक मेहनत करने की।
पूर्वमंत्री चौधरी राकेश सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस एक मजबूत पार्टी है। हम सभी को बूथ स्तर तक समय देना चाहिए। मिल-जुलकर जिले में पांचों विधानसभाओं पर कब्जा हो, जिसकी रणनीति बना कर कार्य करना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि जिले में भारत जोड़ो यात्रा के बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को चलाया जा रहा है, जो बूथ लेवल तक कार्य करेगा एवं संगठन को मजबूत करेगा। जिसकी रूप रेखा तैयार कर सभी ब्लॉक अध्यक्षों को दे दी गई हैं। जल्द ही पिछड़ा वर्ग अनुसूचित जाति के सम्मलेन भी जिला व ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।