गोहद में राजा भीमसिंह राणा की मूर्ति का अनावरण 11 को

भिण्ड, 05 दिसम्बर। गोहद के शासक राजा भीमसिंह राणा की पुरानी कचहरी गोहद किला पर स्थापित प्रतिमा का अनावरण 11 दिसंबर को सुबह 10 बजे मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
विधायक मेवाराम जाटव के निवास पर आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि अनावरण कार्यक्रम में जाट समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष गुर्जर ने बताया कि विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविन्द सिंह ने घोषणा की थी कि उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के विजय होने पर सर्वप्रथम राजा भीमसिंह राणा की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा और यह शुभ दिन आ गया है।
यहां गोहद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मंजू जगदीश माहौर ने बताया कि परिषद की प्रथम बैठक में ठहराव पारित किया गया। कांग्रेस पार्टी काम पर विश्वास करती है, सिर्फ घोषणा करना हमारा काम नहीं है। पत्रकारवार्ता में गणेशराम शर्मा, टोनी मुदगल, देवेन्द्र थापक आदि उपस्थित थे।