सफलता विनम्रता से मिलती है : जगतगुरु श्री रामस्वरूपाचार्य

वैष्णवधाम शाला बड़ोखरी में चल रही है संगीतमयी श्रीराम कथा

भिण्ड, 09 नवम्बर। लहार क्षेत्र के वैष्णवधाम शाला ग्राम बड़ोखरी में योगीराज श्री परशुराम दास जी महाराज महदवा आश्रम की जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में एवं श्रीश्री 1008 महंत श्री वैष्णव दासजी महाराज वैष्णवधाम श्री गणेशशाला ग्राम बड़ोखरी के मार्गदर्शन में विशाल नौ कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ और संगीतमयी रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें संगीतमयी श्रीराम कथा श्रीश्री अनंत विभूषित कामदगिरि पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज चित्रकूट धाम के मुखारविंद से रसपान कराया जा रहा है।
जिसमें कथा के पांचवे दिन बुधवार को जगतगुरु जी ने भगवान श्रीराम के द्वारा धनुष तोडऩे और उनके विवाह की कथा का रसपान उपस्थित हजारों भक्तों को कराया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम जब धनुष के समीप पहुंचे तो माता सीताजी द्वारा भी कैलाश पति महादेव जी से हाथ जोड़ कर विनम्रता के साथ प्रार्थना की, अर्थात विनम्रता के साथ कोई भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। कथा में प्रमुख रूप से श्रीश्री 1008 कमलेश पुरी महाराज मेहरा आश्रम, मिहोनी माता मन्दिर के महंत और रेहकोला माता मन्दिर महंत का आगमन हुआ।


यज्ञशाला एवं कथा का पूजन मुख्य यजमान श्रीमती अरुणा डॉ. धर्मेन्द्र श्रीवास्तव (बीएमओ सिविल अस्पताल लहार) निवासी ग्राम बड़ोखरी द्वारा किया गया। कथा में पाण्डाल का संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बन गया, जिसमें आसपास के सैकड़ों ग्रामों के भक्तों, नागरिकों, महिलाओं और साधु संतों ने कथा का रसपान किया। श्रीराम यज्ञ और रामकथा में प्रतिदिन भण्डारे में हजारों भक्तों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था ग्राम बड़ोखरी, जगनपुरा, महदवा, सुंदरपुरा, ककोरा, मढ़ेला, चंदावली, अतरेटी, पुरा, बारहेट, छिदी, लपबाहा, गणेशपुरा, सिजारीपुरा, लहार और समस्त ग्राम एवं क्षेत्र वासियों के सहयोग से की जा रही है।