भिण्ड, 04 नवम्बर। लहार क्षेत्र के ग्राम बड़ोखरी स्थित वैष्णव धाम गणेश शाला परिसर में चार से 12 नवंबर तक श्रीराम महायज्ञ अष्टोत्तर एवं श्रीमद् भागवत पाठ का आयोजन होने जा रहा है। इसकी मंगल कलश यात्रा शुक्रवार को मेहदवा से बड़ोखरी के निकाली गई। जिसमें श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर महंत श्री रामदास जी महाराज, संत समाज के जिलाध्यक्ष कालिदास महाराज तेजपुरा, वैष्णवदास महाराज बड़ोखरी, पवन शास्त्री एवं अन्य संत सम्मिलित हुए।
यह कार्यक्रम हनुमानजी महाराज के आशीर्वाद से मेहदवा आश्रम के योगीराज परशुराम दास महाराज की जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में संत शिरोमणि शालिग्राम दास महाराज (श्रीलाल शास्त्री) की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन सात नवंबर को होगा। श्रीराम महायज्ञ में संगीतमय राम कथा का वाचन कामदगिरी पीठाधीश्वर जगतगुरू रामस्वरूपाचार्य महाराज चित्रकूट धाम करेंगे। कलश यात्रा मेहदवा आश्रम से बड़ोखरी वैष्णवधाम तक निकाली गई। श्रीराम यज्ञ के मुख्य यजमान अरुणा डॉ. धर्मेन्द्र श्रीवास्तव बीएमओ लहार हैं। श्रीराम महायज्ञ में सुबह 7.30 से दोपहर 11 बजे तक यज्ञ पंचांग पूजन तथा श्रीमद् भागवत पाठ एवं दोपहर 12 बजे से चार बजे तक संगीतमय श्री रामकथा का वाचन किया जाएगा। श्रीराम महायज्ञ की यज्ञ पूर्णाहुति एवं विशाल भण्डारा 12 नवंबर को सुबह 10 बजे से होगा।