सिंध नदी का पानी बढऩे से अमायन से लहार का रास्ता बंद, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की हो रही है सतत निगरानी

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर-एसपी से की फोन पर चर्चा, कहा-रेस्क्यू चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं

भिण्ड, 04 अगस्त। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिण्ड कलेक्टर सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह से फोन पर चर्चा कर सिंध एवं चंबल के बढ़ रहे जल स्तर से नदियों के आसपास के ग्रामों में बनी बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेकर कलेक्टर एवं एसपी को लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने के साथ राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं एसपी द्वारा जिले की वर्तमान स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।


मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुुमार सिंह सिंध एवं चंबल नदी के बाढ़ से प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं और प्रशासन एवं पुलिस टीम के साथ नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में सिंध नदी का जलस्तर बढऩे से प्रशासन एवं पुलिस के द्वारा ग्राम सांदुरी के लोगों को सिंहपुरा पंचायत भवन में एवं ग्राम बछरेटा के लोगों को अड़ोखर कॉलेज में सुरक्षित शिफ्ट किया गया। सिंध नदी के इलाके में भारौली थानांतर्गत मुसावली ग्राम से प्रशासन, पुलिस एवं होमगार्ड के द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चला कर महिला, बच्चों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं एसपी मनोज कुमार सिंह ने सिंध नदी का जलस्तर बढऩे से टेहनगुर ग्राम का निरीक्षण किया। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा ग्राम के व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई ग्रामवासियों से चर्चा भी की, सभी ग्रामवासी सुरक्षित है।
कलेक्टर एवं एसपी ने सिंध क्षेत्र के ग्राम इंदुर्खी पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा की। सिंध नदी में जल स्तर बढऩे से बाढ़ में फंसे ग्रामीण व्यक्तियों को निकालने का कार्य लगातार चल रहा है। क्षेत्र में आर्मी का एक दल भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा बताया गया है, जो रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रशासन एवं पुलिस की टीम के साथ जुड़कर रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने में प्रयारत है एवं बाढ़ में सभी फंसे व्यक्तियों को नावों के द्वारा सुरक्षित निकालने में मदद कर रहा है। सिंध नदी का जल स्तर बढऩे से असवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवासा बाढ़ ग्रस्त हो जाने से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकतर व्यक्तियों को पहले ही रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया था। बाकी लोगों को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला जा रहा है। बाढ़ ग्रस्त हुए लहार के ग्राम गिरवासा से रेस्क्यू किए गए ग्रामीण व्यक्तियों को खाने के पैकेट का वितरण जनपद पंचायत द्वारा करवाया गया। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे भिण्ड-लहार रोड स्थित मेहदा घाट पर सिंध नदी का जलस्तर 12.60 मीटर मापा गया। इसमें भी लगातार इजाफा हो रहा है। इससे नदी उफान पर जा रही है।

चंबल भी उफान पर

उधर चंबल नदी भी अपने उफान पर है। भिण्ड-इटावा राजमार्ग पर उदी घाट पर चंबल नदी का बुधवार को दोपहर 12 बजे का जल स्तर 125.27 मीटर तक पहुंच गया था। इसके और बढऩे की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद चंबल के उफान के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं पुलिस के दल अटेर एवं भिण्ड तहसील क्षेत्र में चंबल नदी के किनारे बसे बाढ़ प्रभावित गांवों में रह रहे लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही लोगों को राहत एवं खाद्य सामग्री भी मुहैया कराई जा रही है।