घोटाला, अपराध, भ्रष्टाचार की बहार है, यही भाजपा की असली सरकार है : कटारे

पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने मंत्री अरविंद भादौरिया पर ट्वीट कर साधा निशाना, जनपद अटेर के मामले पर घेरा

भिण्ड, 21 सितम्बर। अटेर के पूर्व विधायक हेमंत सत्यदेव कटारे ने भाजपा सरकार को घेर कर कहा कि मप्र में भ्रष्टाचार चरम पर, मंत्री, अधिकारी व ठेका माफिया कर रहे संगठित अपराध और जनता के धन पर डाल रहे डाका। सरकार के कथित ईमानदार मुखिया शिवराज सिंह चौहान खुद पोषण आहार घोटाले में मौन धारण कर चुप हैं। तो वहीं उनके मंत्री उन्हीं के पद चिन्हों पर चलकर अपने संरक्षण में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। भाजपा शासित अटेर जनपद अध्यक्ष द्वारा खुद आरोप लगाया गया है कि एसडीएम जो जनपद सीईओ के प्रभार पर है वो उनके नाम से पैसा निकाल कर भ्रष्टाचार कर रहे हैं।


पूर्व विधायक कटारे ने ट्वीट के माध्यम से मंत्री अरविंद भदौरिया के भाई देवेन्द्र भादौरिया पर निशाना साधते हुए पूछा कि सबको पता है एसडीएम किसके खास है और वो पैसा किसी देवेन्द्र दद्दा नाम के व्यक्ति को देते है?

ये कैसा महिला सम्मान

कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि जनपद अटेर की अध्यक्षा महिला है और उम्रदराज भी, फिर भी भाजपा सरकार में उनके ही कार्यालय में उनका अपमान हो रहा है, मीटिंग करने से रोका जा रहा है। ये उनके अधिकारों का हनन है। बड़े शर्म की बात है, उन्हें मीटिंग का बहिष्कार करना पड़ा, इससे भाजपा के असली महिला सम्मान का पर्दाफास हो गया है। कटारे कहा कि महिला सम्मान और जीरो टॉलरैंस की बातें भाजपा के मुंह से शोभा नहीं देतीं। ये सिर्फ कांग्रेस सरकार में ही संभव है। जो 2023 में कमलनाथ के नेतृत्व में जल्द प्रदेश वासियों को मिलने वाली है।