हिन्दी विश्व की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है : दुबे

भिण्ड, 15 सितम्बर। प्रधान न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला न्यायालय भिण्ड के आदेशानुसार तथा जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिविसेप्रा भिण्ड सुनील दण्डौतिया के मार्गदर्शन में हिन्दी दिवस के अवसर पर शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक भिण्ड में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में हिन्दी की महत्ता, संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों आदि के बारे में जागरुक किया।
उन्होंने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हिन्दी भाषा जो संस्कृत से उपजी है, आज पूरे विश्व की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है, इसको लगभग 50 से 60 करोड़ लोग बोलते हैं। इसके साथ ही उपस्थित छात्र एवं छात्राओं को उनके मूल कर्तव्यों के बारे में जानकारी देकर उन्हें भारत के संविधान तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरुक होकर निष्ठा पूर्वक समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए सतत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर व्याख्याता आरबी शर्मा, शिक्षक केएम बाजपेई, अथिति शिक्षका श्रीमती मंजू जैन आदि उपस्थित रहे।