संयोजक मण्डल की सक्रियता से गांव में होगा परिवर्तन : निखिलेश जी

विद्या भारती के पूर्ण कालिक कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित

ग्वालियर, 11 सितम्बर। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा मार्गदर्शित ग्राम भारती शिक्षा समिति मध्य भारत प्रांत भोपाल द्वारा आयोजित प्रांतीय पूर्ण कालिक कार्यकत्र्ताओं की दो दिवसीय बैठक विद्या भारती नदीद्वार ग्वालियर में सानंद संपन्न हुई।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रांतीय संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी ने कहा कि हमारे विद्यालय के संयोजक मण्डल की सक्रियता से गांव में साक्षरता स्वास्थ्य स्वदेशी सामाजिक समरसता संस्कृति स्वावलंबन, संस्कार, स्वच्छता और पर्यावरण से परिवर्तन आएगा। हमारे विद्यालय समाज में सामाजिक समरसता, चेतना जागृत करने वाले बनें। गांव प्राचीन परंपरा और संस्कृति के आधार स्तंभ हैं। विद्यालय के सात मण्डल बनाकर उनका दायित्व बोध समझदारी कुशलता एवं सक्रियता बढ़ाना चाहिए। जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।


हमारे विद्यालय के प्रधानाचार्य आचार्य दीदी पूर्ण समर्पण भाव से संस्कार युक्त शिक्षा देने का पुनीत कार्य अहर्निश कर रहे हैं। इसलिए कहा है कि चंद्र गुप्त निर्माण करे जो आचार्य ऐसा सर्वज्ञ चाहिए। द्रौणाचार्य की नहीं जरूरत अब हमको चाणक्य चाहिए। विद्या भारती के विद्यालय समाज में राष्ट्र भक्ति और भारती ज्ञान परम्परा को आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं। इसका परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा,जब भारत पुन: विश्वगुरु बनेगा। ऐसा हम सबका पूर्ण विश्वास है। कहा भी है, आज नहीं तो कल निकलेगा, हर सवाल का हल निकलेगा। अपने श्रम पर करो भरोसा तो मरुस्थल से भी जल निकलेगा।


मध्य भारत प्रांत के सभी पूर्णकालिक कार्यकर्ता बंधुओं को संबोधित करते हुए प्रांत प्रमुख ओमप्रकाश जांगलवा ने 2025 एवं 2027 की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी और चर्चा की। हमारे विद्यालय में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण हो, शारीरिक प्राणिक मानसिक बौद्धिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से पूर्ण विकसित छात्रों का निर्माण हो सके ऐसा हमारा विद्यालय समाज में दिखाई दे। उन्होंने आगामी छात्र संख्या वृद्धि, शैक्षिक व्यवस्था संसाधन वृद्धि कौशल विकास, संकुल प्रमुख की गुणवत्ता विकसित करने, त्रैमासिक, अद्र्ध वार्षिक, वार्षिक मूल्यांकन, पोषक ग्रामों में संपर्क, गतिविधि आधारित शिक्षा, जैविक खेती, अभिभावक संपर्क, उत्सव, खेलकूद, देवपुत्र, संस्कृति ज्ञान परीक्षा, तकनीकी शिक्षा आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर ग्वालियर ग्राम भारती के जिला अध्यक्ष प्रहलाद सिंह घुरैया, जिला सचिव डॉ. लाखन सिंह राजपूत, सदस्य अम्बेश्वर सिंह भदौरिया, निर्मल जैन, दिनेश चाकणकर, जितेन्द्र गुर्जर एवं सभी पूर्ण कालिक कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।