नेहरू युवा केन्द्र ने मनाई विवेकानंद की जयंती

भिण्ड, 13 जनवरी। स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन नेहरू युवा केन्द्र भिण्ड के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू और जिला प्रमुख लेखाकार आरएस वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैलेंद्र सिंह, मास्टर ट्रेनर पंचायती राज संस्थान ने की। बतौर मुख्य अतिथि जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेश शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजेश मुदगल, एडीजे सुनील कुमार दंडोतिया उपस्थित रहे। संचालन नेहरू युवा केन्द्र के राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक आशुतोष शर्मा एवं सपना परमार द्वारा किया गया।
आज के कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके योगदान से परिचय करवाना, युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करना, वो स्वामी जी के जीवन से प्रेरणा ले और अपने जीवन मे उनके मूल्यों को आत्मसात करे। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आरएस वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन युवाओं का है, यह कार्यक्रम हम सभी युवाओं के लिए है, युवा चाहे तो क्या नही कर सकता। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवेश शर्मा ने स्वामी जी के जीवन से जुड़ी प्रभावकारी घटना का वर्णन किया और युवाओं को भी स्वामी जी जैसा बनने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि बृजेश मुदगल ने युवाओं को अनुशासन का महत्व समझाया। भाषण प्रतियोगिता में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने अपने विचार रखे। निर्णयक मंडल ने सभी को सुना और अपना निर्णय दिया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर शिवानी, द्वितीय स्थान पर शिवानंद शुक्ला, तथा तृतीय स्थान पर सचिन बघेल रहे। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत मे हमारे जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहु ने युवाओं को संबोधित किया और सभी का आभार व्यक्त किया। सक्षम युवा मंडल के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने भी सभी का आभार व्यक्त किया।