समर्थन मूल्य खरीद केन्द्र का स्थान बदलने पर किसानों ने लगाया जाम

भिण्ड, 11 जनवरी। धरती पुत्र कहा जाने वाला किसान इसी धरती पर जुताई बुआई से लेकर उपज की बिक्री तक कितनी कठिनाइयों से गुजरता है, इसका दर्द ये किसानों के मसीहा कहने वाले राजनैतिक दल क्यों नहीं समझते, धान का मिनी कटोरा कहे जाने गोहद क्षेत्र का किसान समर्थन मूल्य पर खरीद केन्द्र पर धान तुलने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। यहां किसानों के मोबाइल पर संदेश नहीं आ रहा है। अगर कहीं संदेश आ भी जाता है और किसान उपज लेकर खरीद केन्द्र पहुंच भी जाता है तो नंबर नहीं आता, गोहद अनुविभाग में शेरपुर धान खरीद केन्द्र बनाया, लेकिन खरीद रायतपुरा गांव में बनाया गया।

यहां व्यप्त अनियमितता के कारण किसानों में आक्रोश था, जिसके चलते प्रशासन ने रायतपुरा से खरीद केन्द्र हटाकर कृषि उपज मण्डी गोहद कर दिया, जिससे किसानों में आक्रोश ओर बढ़ गया। किसानों का कहना था कि प्रशासन ने खरीद केन्द्र पर व्याप्त भ्रष्टाचार को तो समाप्त किया नहीं, उल्टे केन्द्र ही बदल दिया। अब हम अपनी धान एक स्थान से दूसरे स्थान कैसे ले जाएं। आक्रोशित किसानों ने ग्वालियर-भिण्ड रोड पर बाराहेड़ के पेड़ा पर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे डीएमओ के आश्वासन के फलस्वरूप जाम तो खुल गया। लेकिन किसानों का कहना है कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो हम पुन: सड़क जाम करेंगे। शेरपुर खरीद केन्द्र पर एक दर्जन गांवों के सैकड़ों किसानों की उपज तुलना है, उनके लिए रायतपुरा गांव भी दूर है, लेकिन अब पुन: खरीद केन्द्र से धान भरकर गोहद मण्डी ले जाना कहा का न्याय है।