रेत के ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ हिंसक विवाद, मामला दर्ज

– भितरवार थाना क्षेत्र के ग्राम करियावटी की घटना

ग्वालियर, 10 मई। भितरवार थाना क्षेत्र के ग्राम करियावटी में खेत से रेत के ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें हुए झगडे में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। जिन्हे गंभीर हालत होने पर उपचार के लिए ग्वालियर ले जाया गया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार करियावटी गांव निवासी मुकेश दुबे, सोनू दुबे आदि के खेत गांव सांखनी रोड स्थित पार्वती नदी के पुल के पास है। इनके पास ही गांव के रामाधार परिहार, विष्णु परिहार, हेमंत परिहार इत्यादि के भी खेत हैं। इन दोनों पक्षों में रेत के ट्रैक्टर निकालने को लेकर विवाद हो गया था। शनिवार की सुबह 11 बजे अचानक फिर से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान मुकेश दुबे और सोनू दुबे की रामाधार परिहार, विष्णु परिहार, हेमंत परिहार सहित कुछ अन्य लोगों ने मारपीट कर दी। लाठी-डण्डों और धारदार हथियारों से लिए गए हमले में मुकेश और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीधे ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। उक्त घटना में परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटे आई है। वहीं घटना की जानकारी लगने के बाद भितरवार पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।