– जलाभिषेक किया और ग्रामीणों से जल संरक्षण विषय पर किया संवाद
ग्वालियर, 05 मई। पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्वालियर जिले का दौरा किया गया। उन्होंने दौरे की शुरुआत विकास खण्ड मुरार कि ग्राम पंचायत गुर्री के अंतर्गत स्थित भदावना प्राचीन शिव मन्दिर से की। यहां पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर जल अभिषेक किया। इसके पश्चात मन्दिर परिसर एवं सिद्ध बाबा गुफा का भ्रमण किया।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने नदी के उदगम स्थल पर पूजा-अर्चना की तथा जल सखियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नदी की मुख्य धारा पर मानव श्रृंखला बनाकर हुई आरती में भाग लिया। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से जल संरक्षण विषय पर संवाद किया। साथ ही ग्रामीणों को फूलमाला पहनाकर उनका सम्मान किया। इस दौरान मंत्री पटेल ने हुरावली स्थित वैसली नदी पर चल रहे पौधारोपण एवं सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त योगा पार्क, रामघाट एवं कृष्णा घाट जैसे स्थलों की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से चर्चा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इसके पश्चात वे रामौआ डैम पहुंचे, जहां उन्होंने डैम की कार्य प्रणाली की जानकारी ली एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने मुरार नदी के क्षेत्र एवं उसके कैचमेंट एरिया में जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की वस्तुस्थिति जानी एवं जलधारा पर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुवर सिंह जाटव, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, महेन्द्र सिंह यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं जल संरक्षण में संलग्न सेवाभावी नागरिक उपस्थित रहे।