भाविप के उत्तर प्रांत को मिली 28वीं नवीन शाखा

-गोहद नगर में भारत विकास परिषद की नवीन शाखा की हुई घोषणा

भिण्ड, 05 मई। भारत विकास परिषद मध्य भारत उत्तर प्रांत को नवीन शाखा के रूप में 28वीं शाखा के गठन को आकार दिया गया। नवीन शाखा भिण्ड जिले के गोहद नगर में गठित की गई। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष अमित जैन, प्रांतीय महासचिव नीरज अग्रवाल, प्रांतीय संगठन सचिव अशोक शर्मा, प्रांतीय गतिविधि संयोजक संस्कार श्रवण कुमार पाठक, प्रांतीय नगर समन्वयक भिण्ड धीरज शुक्ला, प्रांतीय सहसंयोजक दिलीप सिंह कुशवाह मौजूद रहे।
दायित्वधारियों की सक्रियता, प्रयास एवं योगदान से 30 अप्रैल को स्थानीय भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में हुई एक औपचारिक बैठक में गोहद नगर के विभिन्न गणमान्य जनों के बीच शाखा का गठन किया गया एवं शाखा के तीनों पदाधिकारियों के नाम की भी घोषणा की गई थी। बैठक का प्रारंभ उपस्थित समस्त गणमान्य जनों के विस्तृत परिचय के साथ हुआ। तत्पश्चात भिण्ड नगर समन्वयक धीरज शुक्ला ने प्रस्तावित शाखा की भूमिका प्रस्तुत की। प्रांतीय संयोजक दिलीप सिंह कुशवाह ने उपस्थित लोगों से संगठन से जुडने के लिए आवाहन किया।
डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने भारत विकास परिषद के विस्तृत स्वरूप एवं सहयोग भावना के बारे में बताया। तत्पश्चात प्रांतीय संस्कार प्रमुख श्रवण कुमार पाठक ने भारत विकास परिषद की स्थापना एवं उसके भव्य स्वरूप का वर्णन करते हुए संस्कार के विभिन्न प्रकल्प एवं पांच सूत्रों के बारे में व्याख्या कर उपस्थित जन समूह को परिषद से जुडने के लिए प्रेरित किया। प्रांतीय संगठन सचिव अशोक शर्मा ने संगठन की संरचना, केन्द्र, क्षेत्र, प्रांत एवं शाखा को चरणबद्ध तरीके से समझाया और शाखा के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
अध्यक्षीय उद्वोधन में प्रांतीय अध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद अन्य संगठनों से भिन्न होकर संस्कार और सेवा पर कार्य करता है। अमित जैन ने कहा की सामूहिकता का भाव सदैव आनंददायक होता है। आज उपस्थित जनों के बीच सामूहिक भावना से जिस शाखा का गठन हो रहा है वह निश्चय ही अमृतमई कार्य में परिनीत होगी। अगले क्रम में उपस्थित जनों द्वारा नवीन शाखा के तीनों दायित्व धारी का चयन सर्व सहमति से किया गया। शाखा गोहद के नवीन चयनित पदाधिकारी की घोषणा प्रांतीय अध्यक्ष अमित जैन की। शाखा गोहद को नवीन शाखा के अधिकारियों के रूप में शाखा संरक्षक सुदामा लाल ओझा, शाखा अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, शाखा सचिव रवि गुप्ता एवं शाखा कोषाध्यक्ष दिलीप जैन मनोनीत हुए। उपस्थित सभी सभासदों ने मनोनीत पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर स्वागत किया और बधाई प्रेषित की।