-विधायक कुशवाह ने ग्रामीणजनों की समस्याओं को सुना एवं निराकारण के दिए निर्देश
भिण्ड, 12 फरवरी। संत रविदास की जयंती के अवसर पर भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह जमना रोड पर आयोजित रविदास जयंती समारोह में शामिल हुए और उन्होंने उनके दिए हुए उपदेश तथा शिक्षाओं को स्मरण किया। साथ ही लोगों की समस्याओं को सुना एवं निराकारण के लिए निर्देश दिए। विधायक ने संत के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को साझा किया।
विधायक कुशवाह ने कहा कि मध्ययुगीन भक्ति चेतना के प्रमुख संतों में संत रविदास का नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाता है। ऐसे महामानव के जीवन चरित्र ने समाज को एक नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आचार्य पृथ्वी सिंह आजाद ने भविष्य पुराण के आधार पर उनके पिता का नाम मानदास स्वीकार किया है लेकिन संप्रदाय में यह नाम प्रचलित नहीं है। रविदास जी के पिता का नाम रग्घू या रघुनाथ अधिक प्रसिद्ध है। इनकी माता करमा देवी मानी जाती हैं। कई प्रकाशित ग्रंथों में संत रविदास जी की माता का नाम घुरवनिया भी मिलता है। लेकिन करमा नाम को उनके अनुयायियों ने अधिक अपनाया है। अत: उनकी माता का नाम करमा देवी मानना अधिक समीचीन है। विधायक ने कहा कि हम सब कार्यकर्ता उनके अनुकरणीय विचारों को समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुंच कर उनके व्यक्तित्व को समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।