10 और 20 किलो के पैकेटों में भी होगा पैक
ग्वालियर, 11 फरवरी। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर से प्रतिदिन निकलने वाले गीले कचरे से जैविक खाद तैयार किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती और हरियाली को बढावा देने के लिए नगर निगम द्वारा इस खाद को बिक्री के लिए रखा जाएगा। अभी तक इस खाद का उपयोग नगर निगम द्वारा संचालित किए जाने वाले पार्कों में हरियाली को बढाने में किया जा रहा था। किसानों के लिए तीन हजार रुपए में एक हजार किलो जैविक खाद दिया जाएगा, किसानों को इस खाद को ले जाने के लिए अपने वाहन लाने होंगे।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक खेती को बढावा देने के लिए नगर निगम किसानों और शहर वासियों को सस्ती दरों पर जैविक खाद उपलब्ध कराने जा रही है। केदारपुर कचरा निस्तारण केन्द्र में शहर से एकत्रित होने वाले गीले कचरे से नगर निगम द्वारा जैविक खाद तैयार की जा रही है। जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढावा देने के लिए नगर निगम इस खाद को किसानों को सस्ती दरों पर उपलब्ध कराएंगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा एक हजार किलो खाद की रेट तीन हजार रुपए तय की गई है। वहीं शहर में हरियाली एवं उद्यानिकी को बढावा देने के लिए शहर वासियों को पैकिंग कर यह खाद 10 एवं 20 किलो के पैकेट में उपलब्ध कराई जाएंगी। 10 किलो पैकेट की कीमत 50 रुपए एवं 20 किलो पैकेट की कीमत 100 रुपए रखी जाएंगी। नगर निगम शहर वासियों को खाद उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही ऐसे स्थल को चयन कर वहां पर खाद को बिक्री के लिए रखेगा जहां लश्कर, मुरार एवं ग्वालियर के निवासी आसानी से पहुंच सकें।
बागवानी के लिए होगी उपयोगी
वर्तमान समय में अधिकांश लोग हानिकारक रसायनों को डालकर उगाई जा रही सब्जियों को खाने से परहेज करते हैं। ऐसे में लोग अपने घरों की छतों पर ही बागवानी कर सब्जियां उगा रहे हैं। इन लोगों को जैविक खाद के लिए परेशान होना पडता है। लेकिन अब शहर में ही सस्ती दरों पर जैविक खाद उपलब्ध होने से बागवानी को भी बढावा मिलेगा।