देवी अहिल्या बाई होल्कर का जीवन प्रेरणादायक : भार्गव

-सशिमं आलमपुर में अहिल्या बाई होल्कर त्रिशताब्दी जयंती समारोह के तहत संगोष्ठी आयोजित

भिण्ड, 15 अक्टूबर। सरस्वती शिशु मन्दिर आलमपुर में देवी अहिल्या बाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती समारोह के अंतर्गत सोमवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व प्रचारक एवं राष्ट्रीय विचारक, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चेतन भार्गव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय समिति अध्यक्ष शिवनारायण गुप्ता ने की और विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय समिति उपाध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का परिचय समिति सचिव सुरेन्द्र सिंह कौरव ने कराया एवं अतिथियों का स्वागत विद्यालय प्राचार्य संजय मकडारिया ने किया। संगोष्ठी का उद्देश्य देवी अहिल्याबाई होल्कर के महान जीवन और उनके योगदान को स्मरण करना था। जिन्होंने समाज में न्याय, सेवा और सद्भाव की भावना का प्रसार किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता चेतन भार्गव ने अपने संबोधन में देवी अहिल्याबाई होल्कर के प्रशासनिक कौशल, समाज सुधार और उनके द्वारा महिलाओं एवं समाज के पिछडे वर्गों के लिए किए गए कार्यों को रेखांकित किया गया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन प्रेरणादायक है और आज समाज को उनसे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिवनारायण गुप्ता ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए देवी अहिल्या बाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनके अनुकरणीय जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन आचार्य मंगेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष कुलदीप सिंह कौरव, शिवकुमार कुशवाह, सुनील उपाध्याय, भाजपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष कप्तान सिंह कौरव, मोहित चतुर्वेदी, राजकुमार कौरव सरपंच, रविन्द्र माहौर, रोहित मिश्रा, कुनाल कौरव सहित आलमपुर नगर के प्रबुद्धजन, समिति सदस्य एवं आचार्य बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।