राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज सम्मान समारोह आयोजित
भिण्ड, 06 अक्टूबर। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, डीएफओ व्हीएस होतगी के मुख्य आतिथ्य में जैव विविधता धरोहर, जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक संरक्षण संसाधन का संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण आदि विषयों के प्रति छात्रों को जागरूक करने राज्य स्तरीय जैव विविधता क्विज सम्मान समारोह का आयोजन शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक में किया गया।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जैव विविधता के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक कर कहा कि प्राकृतिक संतुलन के लिए पृथ्वी पर उपस्थित सभी जीव-जंतु और पेड़-पौधों का संरक्षण आवश्यक है। जैव विविधता मानव समुदाय के अस्तित्व के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं के संरक्षण के अभाव में प्रकृति की संतुलन क्षमता धीरे-धीरे खत्म हो रही है जिसका प्रभाव भी देखने का मिल रहा है। जैव विविधता के अंतर्गत पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों की विलुप्त हो रही प्रजातियों को बचाने के लिए हम सभी को आगे आना होगा।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय का सदुपयोग कर जीवन में एक आदर्श व्यक्ति बनें। विद्यार्थी जीवन में जो लापरवाही करता है उसका पूरा जीवन कठिनाइयों से भरा होता है। वहीं कड़ी मेहनत और लगन से पढऩे वाला विद्यार्थी अपने जीवन को सुखमय बनाता है। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण हेतु प्लास्टिक पॉलीथिन का उपयोग कम से कम करने के लिए जागरूक किया। डीएफओ व्हीएस होतगी ने कहा कि मानव द्वारा जाने अनजाने में पारिस्थितिक तंत्र में छेड़छाड़ के कारण जैव विविधता में लगातार कमी आ रही है, जो सजीव प्राणियों के लिए खतरनाक है। जबकि हमें यह पता है की स्वस्थ और जीवंत पारिस्थितिक तंत्र से ही मानव समुदाय को रोटी, कपड़ा, भोजन, पानी, हवा और दवा के साथ-साथ आश्रय और ऊर्जा भी मिलती है। जैव विविधता को संरक्षित रखने के लिए हमें प्राकृतिक दुनिया के प्रति अपने रिश्तों को फिर से कायम करना होगा। कार्यक्रम के अंत में मप्र राज्य जैवविविधता क्विज-2021 में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान आने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।