अपने घर परिवार के सदस्यों को मतदान करने हेतु प्रेरित करें : सीईओ

सीईओ ने मतदाता जागरुकता रैली को दिखाई हरी झण्डी

भिण्ड, 26 अक्टूबर। शा. कन्या उमावि गोहद में मतदाता जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मनोज सरियाम, जिला शिक्षा अधिकारी हरिभुवन सिंह तोमर, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी गोहद नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहद डीके शाक्य, संस्था के प्राचार्य बीके बाथम, समस्त स्टाफ एवं छात्राओं की उपस्थिति में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया गया।
सीईओ जिला पंचायत एवं डीईओ भिण्ड ने मतदान के महत्व के बारे में छात्राओं को विस्तार से समझाया तथा अधिक से अधिक मतदान कराने हेतु सभी को प्रेरित किया गया। छात्राओं को बताया कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने हेतु अपने-अपने माता-पिता एवं घर परिवार के अन्य सदस्यों को मतदान करने हेतु प्रेरित करें। कार्यक्रम का संचालन उमा शिक्षक सीपी गौतम एवं आभार संस्था प्रमुख बीके बाथम ने व्यक्त किया। इसके पश्चात संस्था के समस्त स्टाफ के साथ छात्राओं को पंक्तिबद्ध करके पोस्टर बैनर एवं स्लोगन लिखी हुई पट्टिका हाथों में लेकर गोहद नगर के मुख्य मार्गों पर रैली निकाली गई। सीईओ जिला पंचायत मनोज सरियाम ने हरी झण्डी दिखा कर छात्राओं की रैली को रवाना किया।