शरीर स्वस्थ तो सब सुख आपके साथ : रामदास महाराज

दंदरौआ धाम में खेल प्रतियोगिताओं के महाकुंभ की महाराज ने दी जानकारी

भिण्ड, 01 अप्रैल। शरीर स्वस्थ रहेगा तो सभी सुख आपके साथ होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए धाम में खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। यह बात श्रीश्री 1008 महंत रामदास महाराज ने दंदरौआ धाम में आयोजित हो रही खेल प्रतियोगिताओं के महाकुंभ की जानकारी देते हुए पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि भारत के प्राचीन खेल लुप्त होते जा रहा हैं, उन्हें फिर से धरातल पर लाने के लिए हम सबको पहल करना होगी। इसके लिए गांव-गांव में खेल मैदान बनाए जाना चाहिए और युवाओं को प्राचीन खेलों के प्रति जागरुक करना होगा। इसी उद्देश्य को लेकर दंदरौआ धाम में इन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक अप्रैल को कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दो एवं तीन अप्रैल को बालीवॉल, चार अप्रैल को भजन संध्या, पांच अप्रैल को घुड़दौड़ और बैलगाड़ी दौड प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। छह अपै्रल को डॉक्टर हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर संभाग स्तरीय पहलवानों की कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसी दरम्यान ऊंट का नाच एवं घोड़ी नांच प्रतियोगिता कराई जाएगी। सभी प्रतियोगिताओं के विजयी टीमों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर समाजसेवी आशोक भारद्वाज ने कहा कि प्राचीन खेलों के प्रति लोगों का रुझान कराने एवं युवाओं में उत्साह एवं जागरुकता पैदा करने के लिए महाराज द्वारा यह आयोजन कराया जा रहा है।

कबड्डी के फायनल में गोरमी विजयी

दंदरौआ धाम परिसर में शनिवार को कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई। इसमें मुरैना, भिण्ड, स्यावरी जिला ग्वालियर, गोहद, बलारपुरा अटेर, चिरौल, लहार, नंदपुरा, अम्बाह एवं गोरमी की टीमों ने भागीदारी की। पहला सेमी फायनल लहार और भिण्ड के मध्य तथा दूसरा गोरमी एवं ग्वालियर के बीच खेला गया। अंत में गोरमी और भिण्ड के मध्य कबड्डी का फायनल मैच खेला गया। इसमें गोरमी की टीम विजयी रही। इस टीम को रामदास महाराज की ओर से 11 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। बतौर रैफरी बृजेश शर्मा, नीरज सिंह बघेल, विष्णु त्रिपाठी, जितेन्द्र कटारे ने निर्विवाद भूमिका निभाई। इस मौके पर रामवरन पुजारी, नरसी दद्दा, जलज त्रिपाठी, अशोक दीक्षित, नरेश करैया, बृजकिशोर शर्मा, महेश दीक्षित मौजूद रहे।