बाजार में खरीददारी करने आई महिला का पर्स चोरी

विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीक ने रोती बिलखती महिला को रुपए देकर की मदद

भिण्ड, 05 मार्च। शहर के सदर बाजार में रविवार की दोपहर खरीददारी करने आई महिला का पर्स चोरी होने के बाद महिला ने जोर-जोर सें रोना शुरू कर दिया। वहीं नगर पालिका के विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीक और नगर पालिका उपाध्यक्ष भानू भदौरिया सदर बाजार से हट रहे अतिक्रमण में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पैदल घूम रहे थे, जिनकी नजर रो रही महिला पर पड़ी और सुनील बाल्मीक ने महिला से रोने का कारण पूछा, तो महिला ने बताया कि मैं पाली गांव से बाजार सामान खरीदने आई थी कि तभी सदर बाजार में किसी ने मेरा पर्स चोरी कर लिया जिसमें 3500 रुपए थे, अब मेरे पास सामान खरीदने के लिए पैसे नहीं है, रोती बिलखती ग्रामीण महिला की बात सुनकर सुनील वाल्मीक ने अपने पर्स से महिला को 3500 रुपए दिए और कहा कि तुम बाजार से त्योहार का सामान ले जाओ। जिस पर महिला ने उन्हें धन्यवाद दिया।

लोग बोले- आज भी इंसानियत जिंदा है

कभी-कभी हम सोचते है कि इतनी बुराईयां, इतना झगड़ा, इतनी मारा-मारी के बीच भी ये दुनिया कैसे चल रही है? लेकिन आज भी कई लोगों के अंदर इंसानियत जिंदा है। यही इंसानियत इस दुनिया को चला रही है। हर कोई बस इंसान है। इसलिए जिन लोगों को भगवान ने सब कुछ दिया है उन्हें हमेशा जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। चाहे कोई अमीर हो या गरीब, सबसे इंसानियत निभानी चाहिए, इंसानियत से बड़ा कुछ नहीं, इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। नगर पालिका के विधायक प्रतिनिधि सुनील वाल्मीक द्वारा की गई मदद इंसानियत का जीता जागता उदाहरण है।