संतों के समागम से धन्य हुआ गोहद नगर, निकली विशाल कलश यात्रा

मिनी बृन्दावन बना गोहद

भिण्ड, 29 जनवरी। ग्राम खनेता में विजयराम दास महाराज का 25वां रजत जयंती समारोह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर श्री रामभूषण दास महाराज द्वारा विशाल सनातन धर्म सम्मेलन का आयोजन 30 जनवरी से छह फरवरी तक किया जा रहा है। सनातन धर्म सम्मेलन में चारों शंकराचार्य एव रामचार्यो का आगमन होगा। साथ ही मां कनकेश्वरी देवी, बागेश्वर धाम के महंत श्री धीरेन्द्रकृष्ण शास्त्री महाराज का आगमन होगा। साथ ही पांच फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी पहुंचेंगे।

इसी तारतम्य में विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा चक्रधारी मन्दिर गोहद से आरंभ हुई, जिसमें 1100 महिलाएं, कन्याएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थीं। यात्रा में पांच बग्गियां थीं, जिस पर श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर श्री रामभूषण दास महाराज, श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर श्री रामदास महाराज सहित अन्य संत बैठे हुए थे। साथ ही भगवान के स्वरूप सजाए गए थे, यात्रा की लगभग एक किमी लंबी थी। इस विशाल यात्रा से गोहद मिनी वृन्दावन लग रहा था, नगर में स्थान-स्थान पर पुष्प वर्षा की जा रही थी। गोहद की धरा पवित्र हो गई, संतों के आगमन से यहां की जनता स्वयं को धन्य महसूस कर रही थी।

इन्होंने किया कलश यात्रा का स्वागत

विशाल कलश यात्रा का पूर्व विधायक चौ. राकेश सिंह ने सपत्नीक स्वागत किया। पूर्व विधायक रणवीर जाटव ने भी महामण्डलेश्वर श्री रामभूषण दास महाराज का स्वागत किया। भाजपा अजा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य के पुत्र प्रशांत आर्य ने यात्रा में शामिल होकर स्वागत किया।