मेहगांव के कांग्रेस नेता पहले खुद आपस में जुड़ जाएं : करैया

भिण्ड, 02 अक्टूबर। मेहगांव में निकाली गई कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा मेहगांव मण्डल के महामंत्री एवं विधानसभा मीडिया प्रभारी रोहित करैया ने कहा कि मेहगांव के कांग्रेस नेता केवल ढोंग कर रहे हैं, ये पहले खुद जुड़ जाएं। मेहगांव विधानसभा के कांग्रेस नेता खुलेआम एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, आपस में लड़ रहे हैं, मेहगांव कांग्रेस कई गुटों में बटी हुई है, तो मुझे ऐसा लगता है, पहले यह अपने आपको जोड़ें तब औरों को जोडऩे का ठेका लें। वैसे भी कांग्रेस पार्टी का चरित्र रहा है और सबने देखा कि कांग्रेस पार्टी टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़ी हुई थी। कांग्रेस पार्टी धारा 370 के पक्ष में खड़ी हुई थी और इतिहास में जाएं, तो हमारे प्यारे भारत देश के टुकड़े भी कांग्रेस पार्टी की देन है, जनता सब जानती है यह लोग अपना अस्तित्व बचाने के लिए अब केवल भारत को जोडऩे का ढोंग कर रहे हैं। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस मुक्त भारत में अपना एक महत्वपूर्ण योगदान देगी, उन्होंने जनता को फिर से याद दिला दिया है कि भारत को तोडऩे का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था।