महाशिवरात्रि पर निकली शिव बारात का शहर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
देवी-देवता, असुरों सहित शहरवासी बने बाराती
भिण्ड, 01 मार्च। महाशिवरात्रि के पर्व पर शहर में भव्य शिव बारात निकली। जिसमें बाबा वनखण्डेश्वर महादेव को लालबत्ती की पालकी में सवार कर निकले। बारात का शुभरांभ गौरी सरोबर स्थित महाकालेश्वर मन्दिर से हुआ। जिसमें चिलोंगा आश्रम के महंत श्री अवधूत जी महाराज, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, भाजपा नेता डॉ. रमेश दुबे सहित आयोजन समिति के सदस्यगण विशेष रूप से मौजूद रहे। शिव बारात का शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
शिव बारात महाकालेश्वर मन्दिर से दोपहर तीन बजे शुरू होकर शहर के आर्यनगर चौहारा, जिला चिकित्सालय, परेड चौराहा, सदर बाजार, गोल मार्केट, बजरिया, किला रोड होते हुए रात्रि में वनखण्डेश्वर मन्दिर पर पहुंची। जहां शिव-पार्वती की प्रतीकात्मक वरमाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बारात में सजीं आकर्षक झांकियां
भव्य शिव बारात में बाबा वनखण्डेश्वर महादेव लालबत्ती की पालकी में सवार होकर निकले, इसके अलावा एक रथ पर भगवान भोलेनाथ एवं नंदी, एवं अन्य रथों में भगवान ब्रह्मा-सरस्वती, भगवान विष्णु-लक्ष्मी, इन्द्र, अग्निदे, चन्द्र देव, पवन देव के अलावा असुरगणों की टोली साथ में चल रही थी। इसके अलावा बारात में हजारों की तादात में युवा रास्ते भर डीजे एवं बैण्डबाजों की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। शिव बारात का शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही लोगों ने अपने-अपने दरबाजों पर भगवान भोलेनाथ की आरती कर आशीर्वाद लिया।
सोमवार को हुई थी हल्दी एवं महिला संगीत की रस्म
महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व सोमवार को आयोजन समिति ने मण्डप, हल्दी रस्म, महिला संगीत और झांकी का आयोजन किया। महिलाओं ने भोलेनाथ को हल्दी लगाकर सगुन कर हल्दी रस्म निभाई साथ ही सभी ने भगवान शिव और माता पार्वती के भजन गाये। इस अवसर पर प्रसाद के रूप में कढ़ी-भात का वितरण किया गया।