चंबल में नहाने उतरे युवक को मगरमच्छ ने काटा, युवक गंभीर घायल

108 एंबूलेंस से उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में कराया भर्ती

भिण्ड, 23 जून। अटेर थाना क्षेत्रांतर्गत चंबल नदी में नहाने गए युवक को मगरमच्छ ने काट लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबूलेंस से उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार अटेर क्षेत्र के चंबल नदी में नहाते समय एक युवक को मगरमच्छ ने दबोच लिया। चंबल किनारे बकरियां चरा रहे चरवाहों ने जब देखा तो तुरंत नदी में कूदकर युवक को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। ग्राम पंचायत मघेरा के दिन्नपुरा निवासी विजय सिंह पुत्र रामसनेही सिंह उम्र 32 वर्ष चंबल में नहाने के लिए कूद गए, वहीं घात लगाए मगरमच्छ ने उन्हें दबोच लिया, जिससे वो छटपटाने लगे, ये माजरा देखकर वहां मौजूद चरवाहों ने बिना देर किए मगरमच्छ से विजय सिंह की जान बचाई। विजय सिंह को मगरमच्छ ने काट लिया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। जब इसकी सूचना गांव वालों को लगी तो मौका स्थल पर गांव के सभी लोग पहुंच गए और साथ में ही पटवारी श्रीमती दीपशिखा भी पहुंच गईं। पटवारी दीपशिखा ने तुरंत 108 इमरजेंसी एम्बुलेंस को सूचना दी, सूचना पर एम्बुलेंस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल भर्ती करवाया।