नई तकनीकों व नवाचारों के साथ किसानों को मिलेगा मार्गदर्शन

– विकसित कृषि संकल्प अभियान अंतर्गत कृषि दल को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना

भिण्ड, 29 मई। विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, सभापति कृषि स्थाई समिति जिला पंचायत भिण्ड संजू भदौरिया, कृषक अनार सिंह यादव ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से कृषि दल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। शासन की मंशानुरूप कृषकों से प्रत्यक्ष जुडाव तथा संवाद के माध्यम से कृषि और किसान को सम्पन्न बनाने यह अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जिले में 29 मई से 12 जून तक विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त सहभागिता से क्रियान्वयन किया जा रहा है।
विकसित कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य कृषकों को केन्द्रीय योजनाओं एवं मप्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, नवविकसित फसल किस्मों एवं कृषि तकनीकों की जानकारी, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन, मृदा स्वास्थ्य पत्रक की अनुशंसाओं के आधार पर रसायनिक उर्वरकों के संतुलित तथा वैकल्पिक उपयोग के संबंध में जागरुक करना है। इसके साथ ही कृषकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं एवं कृषकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों का संकलन करते हुए अनुसंधान की कार्यनीति का निर्धारण करना है। अभियान के तहत वैज्ञानिकों तथा विषय-विशेषज्ञों के प्रत्येक दल के साथ ग्रामों में जाकर कृषकों को जागरूक करेंगे। यह कृषि दल भिण्ड जिले में आज भिण्ड, अटेर एवं मेहगांव विकास खण्डों के तीन-तीन ग्रामों में दल पहुंचकर किसानों को उन्नत कृषि एवं तकनीकों के संबंध में जागरूक करेंगे। इसके साथ ही 30 मई को रौन, लहार एवं गोहद विकास खण्डों में अभियान संचालित होगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष भारतीय किसान संघ भिण्ड अवधेश सिंह कुशवाह, कृषि विज्ञान केन्द्र लहार प्रमुख डॉ. एसपी सिंह, उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. करणवीर सिंह, सहायक संचालक एवं नोडल अधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा, सहायक संचालक उद्यानिकी गंभीर सिंह तोमर, मत्स्य पालन विभाग से शिशुपाल सिंह धाकड, तकनीकी सहायक पंकज सविता, सहायक ग्रेड-3 गुड्डू भदौरिया, समस्त वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।