गौ संरक्षण और किसान सशक्तिकरण पर कार्यक्रम आयोजित

-राष्ट्रीय गौवंश अनुसंधान संस्थान और सूर्या फाउण्डेशन की संयुक्त पहल

भिण्ड, 11 मार्च। मप्र भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय गौवंश अनुसंधान संस्थान मेरठ और सूर्या फाउण्डेशन ने जिले के ग्राम पंचायत सर्वा में कार्यक्रम का आयोजन कर गौ संरक्षण और किसान सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम उठाया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति के पशु पालकों को गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करना और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ करना था।
इस अवसर पर राष्ट्रीय गौवंश अनुसंधान संस्थान मेरठ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि गौवंश न केवल दूध उत्पादन का स्त्रोत है, बल्कि कृषि और पर्यावरण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार द्वारा गौ संरक्षण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसडीएम गोहद पराग जैन ने इस पहल को किसानों की आर्थिक उन्नति और सामाजिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने किसानों को जैविक खेती और गौ आधारित उत्पादों के उत्पादन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में 100 अनुसूचित जाति के पशु पालकों को 100 किलो पशु आहार, चारा खिलाने के लिए तसले और पशु कीट नाशक दवा की किट वितरित की गई। इसके अतिरिक्त किसानों को गौवंश के स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। कृषि विभाग की बीटीएम मोनिका भास्कर ने किसानों को कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें आवेदन प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन किया।
सूर्या फाउण्डेशन के वरिष्ठ समन्वयक संजय वशिष्ठ ने संस्था के कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। सूर्या फाउंडेशन के वरिष्ठ कार्यकर्ता मुकुल चतुर्वेदी ने कहा कि यह कार्यक्रम गौ संरक्षण और किसान सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार राजावत, बीटीएम कृषि विभाग गोहद मोनिका भास्कर, समन्वयक कृषि प्रकल्प सूर्या फाउण्डेशन संजय वशिष्ठ, समाजसेवी जनवेद सिंह तोमर सर्वा, राकेश सिंह तोमर, सूर्या फाउण्डेशन के अशोक कुमार, स्वरोजगार प्रमुख रवि तिवारी, क्षेत्र प्रमुख मालनपुर राजीव सिंह, नरसिंह तोमर, राघवेन्द्र सिंह, प्रदीप सिंह, ब्रजपाल सिंह तोमर, कपिलदेव, अनिल कुशवाह एवं किसान उपस्थित रहे।