भिण्ड के लिए 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल की अनुशंसा, भारत सरकार के पास जाएगा प्रस्ताव

भिण्ड विधायक संजीव सिंह की मांग पर आयुष संचालनालय से भारत सरकार को भेजा जा रहा प्रस्ताव

भिण्ड, 18 जून। भिण्ड शहर के लिए 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल के लिए आयुष संचालनालय ने अनुशंसा कर दी है। अब इसका प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाएगा। आयुष मिशन के तहत शहर में इस अस्पताल को खोले जाने के लिए अनुशंसा की गई है। भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू की मांग पर आयुष राज्यमंत्री रामकिशोर कांवरे ने आयुष आयुक्त को इस पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। आयुष संचालनालय ने आयुर्वेद अस्पताल के लिए सहमति दे दी है। अब भारत सरकार से प्रस्ताव स्वीकृत होते ही शहर को 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल के रूप में नई सौगात मिल जाएगी।
विधायक संजीव सिंह संजू ने बताया कि भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद का लोहा विश्वभर ने माना है। शहर के लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे से आयुर्वेद अस्पताल की मांग की थी। उन्होंने कहा आयुष मिशन से भिण्ड की यह मांग पूरी की जा रही है।
विधायक ने बताया कि उन्हें आयुष संचालनालय से उप संचालक डॉ. पीसी शर्मा ने पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि बताया गया है स्टेट एनुअल एक्शन प्लान 2021-22 में भिण्ड में 50 बिस्तर के आयुर्वेद अस्पताल का प्रस्ताव भारत सरकार की ओर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि उनकी मांग के बाद आयुर्वेद अस्पताल के लिए आयुष मंत्री कांवरे ने आयुष संचालनालय को 19 मार्च 2021 को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया था। भारत सरकार से 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल को स्वीकृति मिलते ही यह भिण्ड के लोगों के लिए बड़ी सौगात होगी।

चंबल क्षेत्र में नहीं है 50 पलंग का आयुर्वेद अस्पताल

विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने बताया कि भिण्ड के लिए यह बड़ी सौगात इसलिए भी होगी कि चंबल संभाग के जिलों में वर्तमान में 50 पलंग का आयुर्वेद अस्पताल कहीं भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे जिले में अभी सिर्फ आयुष के तहत आयुर्वेद की ओपीडी की सुविधा है। मरीज को भर्ती करने के लिए अस्पतोल में पलंग की सुविधा नहीं है, लेकिन आयुष मिशन से जल्द ही शहर को 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल की सौगात मिल जाएगी। उन्होंने कहा वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आयुष मंत्री कांवरे का आभार व्यक्त करते हैं।

जमीन की जाएगी चिन्हित

विधायक ने बताया कि भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने के साथ ही 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जमीन के संबंध में कलेक्टर सतीश कुमार एस से बात की है। कलेक्टर ने जमीन चिन्हित करने के लिए भिण्ड एसडीएम को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित कर भोपाल आयुष संचालनालय में जानकारी भेजी जाएगी। इससे भारत सरकार से स्वीकृति के तत्काल बाद अस्पताल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।