– गोहद परियोजना अंतर्गत आंगनबाडी केन्द्रों में पोषण गतिविधियां आयोजित
भिण्ड, 16 सितम्बर। मप्र शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के निर्देशन में जिला भिण्ड अंतर्गत 30 सितंबर तक पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत गोहद परियोजना अंतर्गत विभिन्न आंगनबाडी केन्द्रों में पोषण गतिविधियों का आयोजन कराया गया, आंगनबाडी केन्द्रों में उपस्थित बच्चों की पोषण की कक्षा लगाई गई। जिनमें उन्हें घर पर उपलब्ध सब्जियां, फल, दालें की जानकारी देकर बताया कि उन्हें किस तरह से कौन-सा अनाज खाना चाहिए जिससे उनके शरीर को अधिक से अधिक पोषक तत्व मिलें, इसके साथ ही सभी बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया और ग्लास रेस भी आयोजित कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालकों को पुरस्कृत कराया गया।
बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने बताया कि उक्त गतिविधियां संपूर्ण सितंबर माह तक आयोजित की जानी है पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी प्रकार से समाज को पोषित करना है अर्थात हमारा जो टारगेट्स ग्रुप है, वह बालक महिलाएं, किशोर और किशोरियां हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, फल, सब्जियां आदि के बारे में जानकारी देकर उनका उपयोग करके किस प्रकार से शरीर में अधिक पोषक तत्वों को बढाया जाकर स्वस्थ रहा जा सकता है। इसके साथ ही किस प्रकार से अच्छी दिनचर्या अपनाकर हम सामान्य बीमारियों से बच सकते हैं की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से किशोरियों का हिमोग्लोबिन चेक कराया जा रहा है। एनीमिया पाए जाने पर उन्हें आयरन की गोली और संतुलित आहार के बारे में परामर्श दिया जा रहा है, इसी के साथ किशोरी बालिकाएं, धात्री माताएं, गर्भवती माता को भी एनीमिया से दूर रखने एवं स्वस्थ पोषण संबंधी डाइट की जानकारी दी जा रही है।