भिण्ड, 29 अगस्त। आलमपुर नगर के वार्ड क्र.12 में निवास करने वाले लोकेन्द्र रायकवार व उनकी पत्नी गुरुवार को दोपहर में अपने ही घर के अंदर घायल व बेहोश हालत में पडे मिले हैं। जब इस घटना की खबर नगर के लोगों के बीच पहुंची तो आलमपुर नगर में सनसनी फैल गई। मामला क्या है, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। दोनों ही लोगों को उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है।
बताया जाता है कि लोकेन्द्र रायकवार नगर के सरकारी अस्पताल में शासकीय कर्मचारी हैं। गत बुधवार की देर रात में कहीं बाहर से आकर अपने घर पहुंचे थे। और घर के अंदर केवल पति पत्नी मौजूद थे। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर ढाई तीन बजे तक जब लोकेन्द्र रायकवार बस स्टेण्ड पर स्थित अपनी दुकान पर नहीं पहुंचे तो उनके सम्पर्क में रहने वाले लोगों ने उन्हें फोन लगाकर बात करने की कोशिश की। लेकिन किसी व्यक्ति की उनसे बात नहीं हो पाई। इसके बाद लोकेन्द्र रायकवार के संपर्क में रहने वाले लोगों ने गुरुवार को दोपहर में करीब ढाई तीन बजे उनके घर पहुंचकर देखा तो लोकेन्द्र रायकवार व उनकी पत्नी अपने ही घर के अंदर खून से लथपथ अवस्था में बेहोश हालत में पडे मिले। यह देखकर लोग दंग रह गए और इस घटना की सूचना तत्काल पुलिस की दी। आलमपुर पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पति पत्नी दोनों को उपचार के लिए ग्वालियर भेज दिया है। नगर निरीक्षक आलमपुर अनीता मिश्रा से जब इस संदर्भ में जानकारी ली तो उनका कहना है। कि अभी कुछ नहीं कह सकते मामला क्या है। यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा।