मालनपुर पहुंची कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा

भिण्ड, 22 सितम्बर। मप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा मप्र में परिवर्तन के लिए शंखानाद जन आक्रोश यात्रा शुक्रवार को मालनपुर पहुंची।
इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने जीएसटी लागू कर छोटे-छोटे दुकानदारों की परेशानी बढा दी है। वे दिनभर वहीखाता लिखने में लगे रहते हैं, सबका धंधा चौपट कर रखा है और युवा रोजगार के अभाव में आत्महत्या तक कर रहे हैं, किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, प्रदेश में एक लाख 60 हजार महिलाएं भाजपा शासनकाल में लापता हुई हैं। 48 हजार से ज्यादा नाबालिग लडकियां लापता हुईं। किसानों का अब तक एक भी रुपया कर्ज माफ नहीं किया गया, कांग्रेस शासन में कर्ज माफ हुए थे। किसानों की फसलों को सुरक्षा हो सके। लेकिन भाजपा ने सब कुछ चौपट कर दिया। भाजपा सरकार किसानों के साथ छल कर रही है, युवाओं को धोखा दे रही है, महिलाओं पर अत्याचार बढ रहे हैं। सरकार हर मोर्चे पर विफल है। हमने जब 2020 ओलावृष्टि की आवाज विधानसभा में उठाई तो भाजपा सरकार के मंत्री ने स्वीकार किया कि भ्रष्टाचार हुआ है। लेकिन जांच कागजों में ही दफन होकर रह गई, अभी तक भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और अब हम यह आवाज जनता की अदालत में जनता के सामने रख रहे हैं। जनता कांग्रेस को चंबल संभाग में जीता कर सही फैसला करेगी।
चंबल संभाग प्रभारी शिव भाटिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने 18 साल शासन किया, सिर्फ घोषणा पर घोषणा की लेकिन मिला कुछ नहीं। इसीलिए जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रहा है। जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गारंटी योजना में महिला सम्मान निधि योजना निकाली तब जाकर इनको कहीं अपनी बहनों कि याद आई। सभा में स्थानीय विधायक, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, खिजर मोहम्मद कुरैशी, भिण्ड जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संग्राम सिंह तोमर, राघवेन्द्र सिंह तोमर एडवोकेट, जिला पंचायत सदस्य केशव देसाई सहित तीन दर्जन से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं मालनपुर की जनता हजारों की संख्या में उपस्थित रही।
तुकैडा तिराहा पर जनआक्रोश यात्रा का हुआ स्वागत
गोहद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की जनआक्रोश यात्रा के प्रभारी नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह सहित सभी अतिथियों का तुकेडा तिराहा पर जिला पंचायत सदस्य कांग्रेस नेता केशव देसाई, तिलक सिंह राजौरिया, सत्येन्द्र सिंह तोमर, सोवरन सिंह भदौरिया, धीरज पाठक, शिवराज सिंह राजावत, मनोहर सिंह गौर, इरशाद पठान, इकबाल पठान, अरविंद बघेल, रामेश्वर सिंह यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया।