भाजपा नताओं ने कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया नमन

भिण्ड, 27 जुलाई। आज पूरा देश 24वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है। यह दिन भारतीय सेना के वीर जवानों की वीरता, शौर्य और वीरता को सलाम करने का दिन है। कारगिल विजय दिवस पर पूरा भारत कारगिल युद्ध के नायकों की वीरता और वीरता को नमन करता है। साल 1999 में कारगिल युद्ध में देश के वीर जवानों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी थी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भाजपा नेता धर्मेन्द्र टंटी राजावत एवं युवा नेता अतुल रमेश पाठक ने शहीदों को श्रृद्धा सुमन अर्पित कर याद किया।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेन्द्र टंटी राजावत ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत के उन अदभुत पराक्रमियों की शौर्यगाथा को सामने लाता है, जो देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणाशक्ति बने रहेंगे। मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व लुटाने वालों शहीदों को प्रदेश की संपूर्ण जनता की ओर से श्रृद्धासुमन अर्पित करते हैं। हर देशवासी को देश की सीमाओं की रक्षा कर रहीं तीनों सेनाओं पर गर्व है। भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि हम देश के जांबाज सैनिकों की वजह से सुख चैन की सांस ले रहे हैं। कारगिल युद्ध में हमारे जिले के सैनिकों ने अपनी कुर्बानी दी है। देश इन सैनिकों की कुर्बानी को हमेशा याद रखेगा। हर साल इस खास दिन पर वीरों को याद किया जाता है। भारत के वीर सैनिकों ने आज के दिन ही पाकिस्तान के घुसपैठियों को धूल चटा दी थी। यह इस बात का प्रमाण था कि भारत की ओर कोई अब आंख उठाकर नहीं देख सकता।