भिण्ड, 05 जून। भारत गौरव गणाचार्य विराग सागर महाराज के शिष्य मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज, मुनि विश्वसाम्य सागर महाराज ससंघ का इटावा रोड से बैण्डबाजे के साथ नगर में सिटी कोतवाली, परेड चौराहा, सदर बाजार, राज टॉकीज मार्ग होते हुए महावीर गंज स्थित गुनाबाई जैन मन्दिर के बाहर मंगल आगमन हुआ। श्रृद्धालुओं ने जगह-जगह रंगोली बनाकर पाद प्रक्षालन करते हुए मुनिराजों की आगवानी की।
इस अवसर पर मेडिटेशन गुरू विहसंत सागर महाराज ने कहा कि आपके नगर घर के बाहर यानी महावीर गंज के बगल में मेला ग्राउण्ड में पहली बार तीन गजरथ के साथ भगवान शांतिनाथ के पंच कल्याणक होने जा रहे है। जिसमें भगवान के जन्म से लेकर पूरे जीवन के बारे में उस आयोजन में मोक्ष जाने तक कि क्रिया को बताया जाएगा। अंत में दिग्विजय यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें तीन हाथी भगवान को लेकर उस पण्डाल की परिक्रमा लगाएंगे। उन्होंने कहा कि आप सभी ने पंच कल्याणक तो बहुत देखे, जैसे आदिनाथ भगवान, अजिततनाथ भगवान, पारसनाथ भगवान, महावीर भगवान के लेकिन आपने अभी तक शांतिनाथ भगवान के पंच कल्याणक नहीं देखेंगे होंगे। यह पंच कल्याणक भिण्ड के इतिहास में लिखा जाएगा, क्योंकि यह पंच कल्याणक पहली बार आपके नगर में होने जा रहे हैं। जिसमें सौधर्म इन्द्र चक्रेश जैन जामना वालों को बनाया गया है। महावीर गंज का प्रत्येक व्यक्ति इस पंच कल्याणक में अपने तन-मन और धन से सहयोग करेगा, ऐसा आज संकल्प लेकर उस कार्यक्रम को अपना कार्यक्रम मानकर भागीदारी करना है।