अवैध रूप से नामांतरण कराकर संपत्ति हथियाने वालों पर हो कार्रवाई

भ्रष्टाचार उन्मूलन संगठन ने आईजी चंबल को सौंपा ज्ञापन

मुरैना, 04 सितम्बर। भ्रष्टाचार उन्मूलन संगठन मप्र द्वारा पुलिस महा निरीक्षक चंबल संभाग मुरैना के द्वारा पुलिस महानिर्देशक मप्र को ज्ञापन दिया गया। जिसमें नगर निगम मुरैना द्वारा फर्जी कागजों के आधार पर किए गए नामांतरण की जांच की मांग की गई है।

क्योंकि नामांतरण की गई संपत्ति नगर निगम की है जिसे लीज पर आवंटित किया गया था, इसके बावजूद भी पुलिस विभाग द्वारा जांच में रजिस्ट्री को वैध मानकर प्रतिवेदन देना प्रश्न का विषय है। इसलिए एक बार पुन: प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री व शपथ पत्र की जांच के लिए भ्रष्टाचार उन्मूलन संगठन द्वारा मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रदेश अध्यक्ष ओमेन्द्र सिंह राजावत एडवोकेट, भ्रष्टाचार उन्मूलन संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, विवेक तिवारी एवं सुनील शर्मा, पूर्व सैनिक संघ मुरैना के अध्यक्ष शत्रुघन सिंह सिकरवार एवं पूर्व सैनिक संघ सचिव रविन्द्र सिंह सिकरवार एवं भ्रष्टाचार उन्मूलन संघ मुरैना अध्यक्ष अनुराधा प्रमुख हैं।