ऊमरी में कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 02 मार्च। केन्द्र में मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद लोकपाल लाने वाली बात को ताले में बंद करके भ्रष्टाचार को ही बढ़ावा दिया है और केन्द्र सरकार महंगाई बेरोजगारी को कम करने से पूरी तरह से नाकाम रही है, आमजन के लिए चुनी गई सरकार देश की जनता के हित में योजनाएं बनाने की वजाय अपने उद्योगपति मित्रों के लिए देश का खजाना लूटने के लिए खोलने लगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकारी उपक्रमों को एक-एक कर आजअपने पूंजीपति मित्रों को सौंपत जा रहे हैं, तो ऐसा मोदी मॉडल युवाओं और देश की जनता के लिए चिंता का विषय है। यह आरोप कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और मप्र के सह प्रभारी सुधांशु त्रिपाठी ने भिण्ड विधनसभा क्षेत्र के ग्राम पाण्डरी में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लगाए।
त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा से लेकर संसद तक आम आदमी की आवाज को उठाने का काम किया। लेकिन केन्द्र के मोदी सरकार ने जनमानस की आवाज को सुनने के बजाय उसे दबाने का ही काम किया। हमें राहुल गांधी का संदेश घर घर तक पहुंचना है। जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से नफरत को दूर भगा रहे हैं, ठीक इसी प्रकार हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी प्रदेशवासियों को एकजुट करेगी और जनता के हित में मंत्री, विधायकों और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।
इससे पहले मप्र सेवादल यंग ब्रेगड के अध्यक्ष धर्मेन्द्र भदौरिया पिंकी ने सभी बुजुर्गों और वरिष्ठ नेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया और स्वागत भाषण देते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ झूठे वादे करती है, महंगाई कम करने की जगह महंगाई बढ़ा रही है, इसलिए गैस सिलेंडर फिर से 50 रुपए महंगा कर दिया। अब गांवों में भी हाएस टैक्स वसूलने की तैयारी कर रही है। शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि किसानों को पिछले 18 वर्षों से खाद के लिए हमेशा संघर्ष करना पड़ा है, ये सरकार न समय पर खाद देती है और न बिजली।
हाथ जोड़ो कार्यक्रम के प्रभारी मनोज दैपुरिया ने भाजपा सरकार की हाल ही में हुई घोषणाओं को जुमला करार दिया। प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने आवैध उत्खनन पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को आड़े हांथ लेते हुए उनकी भूमिका को संदिग्ध बताया। कार्यक्रम को संजय भूता, इरसाद अहमद, वीरेद्र यादव, अनिल भारद्वाज, नयन सिंह बाराकलां, सूरज पाल राजावत, पप्पू कुशवाह, विजय गोयल, योगेश शाक्य, अहवरन बघेल, अमर सिंह आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र सिंह राजावत ने किया।