लहार से लपवाह तक निकली कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो पद यात्रा

ब्लॉक अध्यक्ष बोले- सिलेंडर बांटे पर मंहगाई इतनी की भरवा पाना मुश्किल

भिण्ड, 09 सितम्बर। देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई को लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। जिसके अंतर्गत मप्र में भारत जोड़ो यात्रा का प्रभारी नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह को बनाया गया है। इसी क्रम में लहार में भी बुधवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के निर्देशन में कांग्रेस पार्टी द्वारा भारत जोड़ो पद यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पहले दिन बुधवार को विधायक निवास से सेल्फी पॉइंट तक एवं गुरुवार विधायक निवास से लपवाह तक निकाली गई। जो लपवाह पहुंचकर एक आमसभा में परिवर्तित हो गई। जहां कांंग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ती महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा उर्फ राजू मौल्या ने कहा कि देश मे कई तरह की जीएसटी योजनाएं लागू है, पर गरीब जनता के लिए कोई योजना नहीं। आज खाद 1300 रुपए बोरी से 1900 रुपए बोरी कर दिया गया, गरीबों में सिलेंडर बांटे गए पर मंहगाई इतनी बढ़ गई कि गरीब जनता उसको भरबाने में सक्षम नहीं है। वहीं सभा को संबोधित करते हुए युवा नेता अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि देश में चारो तरफ मंहगाई को लेकर हा-हाकार मचा हुआ है, मोदी सरकार में दिन व दिन महंगाई बढ़ती ही जा रही है, इस शासनकाल में सिर्फ और सिर्फ उद्योगपतियों को लाभ दिया जा रहा है, गरीबों और बेरोजगार लोगों के लिए भाजपा सरकार कहीं कोई कदम नहीं उठा पा रही है, जिससे देश में संकट छाया हुआ है। देश की हालत आपको दिख रही है, देश में क्या हो रहा है, क्या नहीं हो रहा है, आपसे नहीं छिपाया जा सकता है। जब से भाजपा की सरकार आई है तब से देश में नफरत और क्रोध बढ़ता जा रहा है, इसी साथ आज देश में डर भी बढ़ता जा रहा है, भाजपा और आरएसएस के नेता देश को बांटने का काम कर रहे हैं, इसलिए हमारे नेता राहुल गांधी तीन हजार पांच सौ किलो मीटर की भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, जिसके समर्थन में हम पद यात्रा निकालकर गांव-गांव जाकर जनता के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार की कमियों को उजागर करने का काम कर रहे है।
वहीं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देवेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि जो गैस सिलेंडर कांग्रेस सरकार के समय पर 400 रुपए का था वो आज 1050 का हो चुका है। सभी खाद्य पदार्थों पर मोदी ने गब्बर सिंह टैक्स लगा दिया है। कार्यक्रम का संचालन नगर परिषद उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान ने किया। इस मौके पर लहार जनपद पंचायत के विधायक प्रतिनिधि मानवेन्द्र सिंह उर्फ मोंटी महुआ, उमाशंकर खरे, शिवनारायण तिवारी, किशोर सिंह, विनोद दुबे दाऊ, अखलेश चौधरी, कमल पार्षद, शिवसिंह कुशवाह बब्बा, सिद्धार्थ सिंह राजावत, सुधीर सक्सेना, अखलेश कुस्तवार, राजू पाण्डेय, करू भदौरिया, शिवम सिंह, हारून शेख, मिनाज खान, राजप्रताप सिंह आदि सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।