आर्थिक स्वार्थ सभी समस्याओं की जड़ है : राजीव शर्मा

शहडोल संभाग कमिश्नर ने विचार एवं काव्य गोष्ठी में की भागीदारी

भिण्ड, 29 अगस्त। समाज में लोग अपने विकास एवं उन्नति की जगह दूसरों को गिराने में अधिक ताकत लगा रहे हैं, इसीलिए समाज में लोगों के बीच अविश्वास की भावना बढ़ रही है, यह देश के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। आर्थिक स्वार्थ सभी समस्याओं की जड़ है। यह विचार स्वाधीनता संग्राम सेनानी बाबा जनकराम की स्मृति में शहर के प्रेम महल में आयोजित विचार एवं काव्य संगोष्ठी के दौरान शहडोल संभाग कमिश्नर राजीव शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। शर्मा ने उत्कृष्ट उमावि के लिए एक हॉल वातानुकूलित बनाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर के व्यवसायी अरुण गुप्ता एवं संचालन कवि अंजुम मनोहर ने किया।
विचार गोष्ठी में सर्वप्रथम स्थानीय कवि प्रदीप बाजपेयी युवराज ने अपने काव्य पाठ से राजनीति और समाज में आई गिरावट पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज को एकता की माला में पिरोने के लिए मार्गदर्शन किया। मिहोना से पधारे गजलकार महेन्द्र मिहोनवी ने अपने काव्य पाठ में कहा कि जिनको समाज जोडऩे की जिम्मेदारी है वही तोड़ रहे हैं, जिन्हें निवाला खिलाना था वही मुंह से कौर छीन रहे। विषय प्रवर्तक प्रो. आत्माराम सिंह ने कहा कि आजादी के आंदोलन में मीडिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दमन यातनाएं झेलने के बाद भी वह अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के साथ खड़ी थी।
कार्यक्रम आयोजक किताब घर के संचालक अनिल दौनेरिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया एवं उनके पिता महावीर प्रसाद दौनेरिया ने मंचासीन अतिथियों को कलम भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के आरंभ में सुरेन्द्र चौधरी, रामलखन दंडौतिया, शेरसिंह भदौरिया, कल्लू चौधरी, उमेश खेमरिया, अवध बिहारी खेमरिया, कैलाश नारायण शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर देवेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. मनोज जैन, गगन शर्मा, राधेगोपाल यादव, डॉ. नदीम खान, रविन्द्र तिवारी मिहोनी, भवर सिंह नरवरिया सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।