दबोह में भाजपा छोड़ निर्दलीय चुनाव लड़े गुलाब सिंह एक दर्जन लोगों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल

लगातार पांच वर्षों से छले जाने के कारण छोड़ी भाजपा

भिण्ड, 17 जुलाई। नगर दबोह के वार्ड क्र.एक से भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़े प्रत्याशी पति गुलाब सिंह दोहरे रविवार को अपने एक दर्जन जत्थे के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह के सामने कांग्रेस में शामिल हो गए। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा उर्फ राजू मॉलया ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें अपनी सदस्यता रसीद प्रदान की। इस मौके पर उनके साथ युवा नेता रमा कौरव, रफीक खान आदि कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इस अवसर पर मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन और दमन की नीतियों के चलते लगातार लोग आक्रोशित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इसी क्रम में आज दबोह के एक दर्जन लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।