वृक्षों का मानव जीवन में महत्वपूर्ण योगदान : प्रो. शर्मा

भिण्ड, 06 जून। पर्यावरण का अर्थ होता है हमारे चारों ओर से घिरा हुआ आवरण। वृक्ष जीवन का आधार होता है, इसका मानव जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है, वृक्षों से हमें इतनी बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन प्राप्त होती है जो मानव के लिए उपयोगी है। यह बात विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गौरी सरोवर स्थित विद्यावती पार्क में पौधारोपण करते हुए हम फाउण्डेशन के प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा ने कही। इस अवसर पर फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, जिला अध्यक्ष शैलेश सक्सेना, उपाध्यक्ष अरविंद पावक, सचिव योगेश शर्मा, विनय कुशवाह, नेहा दुबे, अनूप शर्मा, जयपाल सिंह, राधाबल्लभ शर्मा, राकेश श्रीवास, आशीष सत्यार्थ, अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित थे।
हम फाउण्डेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है, पेड़ का महत्व मानव जीवन में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रकृृति हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, प्रकृति के अविवेक पूर्ण दोहन के कारण मौसम में परिवर्तन हो रहा है, जिसका हम सभी को खामियाजा भुगतना पड़ेगा, इसलिए जरूरी है कि पौधारोपण अधिक से अधिक किया जाए। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना ने कहा कि मनुष्य को सबसे ज्यादा शांति और सुकून प्रकृति में मिलती है। उन्होंने बताया कि हम फाउण्डेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय प्रकल्प मिशन हरियाली के तहत 121 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हमारे संगठन द्वारा 11 पौधे लगाकर इसकी शुरुआत की गई है।