मानसिंह जिला अध्यक्ष एवं डॉ. शर्मा भिण्ड शहर अध्यक्ष नियुक्त

डॉ. गोविन्द सिंह की खिलाफत करना महंगा पड़ा जयश्रीराम को

भिण्ड, 21 जुलाई। कई दिनों से कांग्रेस जिलाध्यक्ष बदले जाने की संभावनाओं के बीच अंतत: ऑल इण्डिया कांग्रेस कमेटी भिण्ड जिले के नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी है। भिण्ड जिले में जिला पंचायत सदस्य रहे मानसिंह कुशवाह उर्फ लालू को जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वर्ष 2013 में भिण्ड विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉ. राधेश्याम शर्मा को भिण्ड शहर की कमान सौंपी गई है।
भिण्ड से वर्तमान में जयश्रीराम बघेल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष थे, जो कि वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान जिलाध्यक्ष बनाए गए थे। उससे पहले लम्बे समय तक डॉ. रमेश दुबे कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे थे, लेकिन विधानसभा चुनाव में भिण्ड से डॉ. रमेश दुबे को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पिछड़ा वर्ग से कांग्रेस नेता जयश्रीराम बघेल को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। पहले जयश्रीराम बघेल सिंधिया समर्थक माने जाते थे लेकिन सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर वे भाजपा में नहीं गए, तो इसका उन्हें जिलाध्यक्ष के रूप में इनाम मिला।
वहीं 2018 में कांग्रेस के टिकिट से विधानसभा का चुनाव लड़े डॉ. राधेश्याम शर्मा को कांग्रेस हाईकमान ने भिण्ड शहर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. शर्मा वर्तमान जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष थे।

भारी पड़ी डॉ. गोविन्द सिंह की खिलाफत

2020 में हुए विधानसभा उपचुनाव में मेहगांव से कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे की हार के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्वमंत्री, लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह पर कांग्रेस को हराने के आरोप लगाते हुए उनकी खिलाफत शुरू कर दी थी। यहां तक कि निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया था, उसके बाद से ही माना जा रहा था कि भिण्ड का कांग्रेस जिलाध्यक्ष बदला जाना तय है। हालांकि लॉकडाउन के चलते जिलाध्यक्ष बदलने में देरी हुई और अब की कमान जिले के युवा नेता मानसिंह कुशवाह लालू के हाथों में सौंपी गई है।

जनता से है सीधा जुड़ाव

मानसिंह कुशवाह उर्फ लालू एक सहज एवं सरल नेता हैं और जनता से उनका सीधा जुड़ाव भी है। वे जिला पंचायत सदस्य रहे हैं और वह जमीन से जुड़े नेता हैं। वह  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह से जुड़े हुए हैं। ऐसे में मानसिंह कुशवाह को जिलाध्यक्ष बनाए जाने से जिले ही नहीं अंचल में डॉ. गोविन्द सिंह के कद में वृद्धि हुई है। अब नए जिलाध्यक्ष को जिले में बिखरी पड़ी कांग्रेस को एकजुट करने में सक्रिय भूमिका निभाना होगी यह उनके सामने एक बड़ी चुनौती है।