जीव को अपना दुख संसार के सामने नहीं केवल प्रभु के सामने प्रकट करना चाहिए : गोस्वामी

फार्मेसी कॉलेज लहार में चल रही है श्रीमद् भागवत कथा

भिण्ड, 15 अप्रैल। लहार नगर के फार्मेसी कॉलेज में पूर्व मंत्री एवं लहार विधायक डॉ. गोवन्दि सिंह द्वारा श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का आयोजन कराया जा रहा है। जिसमें चौथे दिन आचार्य गोस्वामी श्री मृदुल कृष्ण जी महाराज ने कहा कि भक्त के विश्वास को पूर्ण करते हैं प्रभु। भक्त के भाव को, अपने इष्ट के प्रति भक्त की आस्था को केवल प्रभु ही समझ सकते है। इसीलिए जीव को अपना दुख संसार के सामने नहीं केवल प्रभु के सामने ही प्रकट करना चाहिए। प्रभु पालनहार है, वे शरण में आए भक्त के सारे दुखों को हर लेते है।
गोस्वामी महाराज ने कहा कि भगवान का परम भक्त प्रहलाद, जिसे कि पिता हिरण्य कश्यपु द्वारा अति भयंकर कष्ट दिए गए। यहां तक कि प्रहलाद को विष पिलाया गया, हाथी से कुचलवाया गया, अग्नि में जलाया गया। तरह-तरह की यातनाएं दी गईं, परंतु प्रहलाद हर जगह अपने प्रभु का ही दर्शन करते थे। इसलिए उन्हें कहीं भी किसी भी प्रकार की पीड़ा का अहसास नहीं हुआ। उन्हें विश्वास था कि हमारे प्रभु सदा-सर्वदा सर्वत्र विराजमान रहते है। तो प्रभु श्रीनृसिंह भगवान भक्त के विश्वास को पूर्ण करते हुए खंब से प्रगट होकर यह दिखा दिया कि भक्त की इच्छा एवं विश्वास को पूर्ण करने के लिए वह कहीं भी किसी भी समय प्रकट हो सकते हैं।


आचार्यश्री ने कहा कि जीव को किसी की निंदा स्तुति करने के बजाय भगवान की ही चर्चा करनी एवं सुननी चाहिए। प्रभु चरित्रों को श्रवण करने से भगवान का चिंतन करने से की कृपा निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि विशाल पेड़ जिस प्रकार छोटी सी कुल्हाड़ी से कट जाता है, उसी प्रकार प्रभु के चरण कमल का स्मरण करने से जीव के सारे पाप कट जाते हैं। इसके लिए उसे प्रभु की शरण में आना होगा। प्रभु की हर इच्छा, प्रत्येक लीला को प्रसन्नता से स्वीकार करने वाला ही सच्चा भक्त होता है। भक्त को अपने आदर सत्कार या सम्मान की कामना नहीं होती। वह तो हर कार्य प्रभु की सेवा समझकर करता है और ऐसी भावना को ही प्रभु स्वीकार करते हैं वह तो केवल भाव के भूखे हैं। क्योंकि परमात्मा न तो साकार है न निराकार है वो तो भक्त की इच्छा के अनुसार तदाकार हैं। जैसे भक्त चाहता है उसे उसी रूप में प्रभु प्राप्त होते हैं।
कथा प्रसंग में विशेष महोत्सव के रूप में आज श्रीकृष्ण जन्म नंदोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रभु के प्रगट होने पर गोपियां बधाई का सामान लेकर आईं और व्यास पीठ भागवत् जी में चढ़ाया। चारों तरफ से यही आवाज गूंज रही थी नंद के आनंद भयो जै कन्हैया लाल की। सभी ने बधाई का प्रसाद प्राप्त किया। शनिवार को श्री गिरिराज पूजन (छप्पन भोग महोत्सव) धूमधाम से मनाया जाएगा।
कथा के विधानसभा उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ मांडवी जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव, देवेन्द्र सिंह छतरपुर, पूर्व विधायक लहार मथुरा प्रसाद महंत, दीपूराजा, हरिसिंह सिकरवार मुरैना, सतपाल सिंह कुशवाह, राघवेन्द्र प्रताप भदौरिया, लक्ष्मण सिंह सोलंकी पनिहार, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत मुरैना राकेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुवंशी महासभा रूपेश यादव, विधायक गोहद मेवाराम जाटव, दशरथ सिंह पटेल के अलावा कई कांग्रेसी युवा नेताओं ने भगवत कथा का रसपान किया। कथा को सुनने के लिए प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग कथा पंडाल में पधार रहे हैं।