रौन मण्डल में धूमधाम से मना भाजपा का स्थापना दिवस

मिहोना/भिण्ड, 06 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी मण्डल रौन के तत्वावधान में गौरव ग्राम के कान्हा मैरेज हाउस गार्डन में पार्टी का 42वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार एवं भाजपा नेता हरीबाबू निराला ने संबोधित करते हुए सभी को बताया कि आज ही के दिन छह अप्रैल 1980 को मुंबई अधिवेशन के दौरान भाजपा की स्थापना की गई थी, सर्वप्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई को बनाया गया। उनका नारा था कि एक दिन ऐसा आएगा, सूरज निकलेगा अंधेरा छटेगा, उजाला होगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का नारा है कि सबका साथ सबका विकास आज विकास के लिए पार्टी प्राण प्रण से समर्पित है।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री कमल शर्मा ने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता केन्द्र एवं मप्र शासन की जनप्रिय कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं, जिससे आमजनता योजनाओं से लाभान्वित हो सके। सभी कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दिए गए कार्य को तन्मयता के साथ करें, तभी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय का सपना साकार होगा और हम आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में जीत अर्जित कर सकते हैं।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सिंह भदोरिया उर्फ रिंकू, सुरेन्द्र सिंह कुशवाह, पूर्व जिलामंत्री डॉ. लाखन सिंह आदि मंचासीन रहे। संचालन मण्डल अध्यक्ष अवधेश सिंह भदौरिया ने किया। इस मौके पर अनिल बोहरे मिहोना, मनोज पाठक, महेन्द्र शर्मा, अनिल शर्मा, गुड्डू सिंह, रसाल सिंह सरपंच, जुगराज सिंह, महेन्द्र शर्मा, मिथिलेश चौहान, मीना कुशवाह, महाराज सिंह कुशवाह, अज्जू बघेल, देवीदयाल, इंदल सिंह, जयकरण सिंह, बलराम सिंह तोमर सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।